1 अगस्त 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Rajasthan: छात्राओं से गलत चैट करने वाला PTI गिरफ्तार, शिक्षा विभाग ने 3 शिक्षकों को किया सस्पेंड

Pisangan School PTI Arrested: अजमेर के पीसांगन स्थित विवेकानंद मॉडल राजकीय विद्यालय में छात्राओं से कथित गलत व्यवहार के मामले में पुलिस ने दूसरे आरोपी PTI को गिरफ्तार कर लिया है। शिक्षा विभाग ने इस मामले में अब तक 3 शिक्षकों को निलंबित भी कर दिया है।
2 min read
Google source verification
Teachers Arrested

आरोपी शिक्षकों का फाइल फोटो: पत्रिका

राजस्थान में अजमेर जिले के पीसांगन स्थित विवेकानंद मॉडल राजकीय विद्यालय में छात्राओं के साथ कथित गलत व्यवहार के मामले में पुलिस ने दूसरे आरोपी वरिष्ठ शारीरिक शिक्षक (PTI) ललित कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले इस मामले के मुख्य आरोपी शिक्षक मोहम्मद अली को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस और शिक्षा विभाग दोनों कार्रवाई कर रहे हैं।

पुलिस के अनुसार घटना की जांच के लिए एक विशेष टीम बनाई गई थी। आरोपी ललित कुमार घटना के बाद से फरार था। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी और उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है।

जांच के दौरान पुलिस दोनों आरोपियों के मोबाइल फोन और उनके बीच हुई चैट की भी जांच कर रही है। इससे यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि मामले से जुड़े अन्य तथ्य क्या हैं और कहीं इसमें किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं है।

शिक्षा विभाग ने कर दिया था सस्पेंड

शिक्षा विभाग ने भी मामले को गंभीर मानते हुए कार्रवाई की है। विभाग ने दोनों आरोपी शिक्षकों को पहले ही निलंबित कर दिया था। इसके अलावा शिकायत करने वाली छात्रा को थप्पड़ मारने के आरोप में शिक्षिका पिंकी यादव को भी निलंबित किया जा चुका है। विभाग का कहना है कि छात्राओं की सुरक्षा और सम्मान से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

पुलिस ने पीड़ित छात्राओं और उनके परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं। इन्हीं बयानों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच निष्पक्ष तरीके से की जाएगी और जो भी तथ्य सामने आएंगे उनके आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ये मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में चिंता का माहौल है। अभिभावकों ने विद्यालयों में छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए कड़े कदम उठाने की मांग की है। वहीं शिक्षा विभाग ने भी विद्यालयों में अनुशासन और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने की बात कही है। पुलिस का कहना है कि जांच अभी जारी है। यदि जांच में कोई नया तथ्य सामने आता है या किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता पाई जाती है तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।