
अजमेर में लगेगा सम्राट अशोक का दरबार, गुलाल उड़ाएंगे प्रजा को बांटेंगे 'खर्ची'
अजमेर. नगर निगम की ओर से निकाली जाने वाली सम्राट अशोक की सवारी में उत्तरप्रदेश के हाथरस की अरारोट की गुलाल उड़ाई जाएगी। गुरुवार को नगर निगम से हाथरस से गुलाल पहुंच गई। सम्राट अशोक इस दौरान 2750 किलोग्राम गुलाल उडाएंगे और निगम के दरबार में आमजन को 10-10 रुपए खर्ची के रूप में बांटेंगे।
नितिन बनेंगे सम्राट, निर्मल मंत्री
कार्यक्रम संयोजक पार्षद के.के.त्रिपाठी ने बताया कि पार्षद नितिन जैन सम्राट अशोक बनेंगे और निर्मल शर्मा मंत्री बनेंगे। संयोजक त्रिपाठी ने बताया कि उत्तरप्रदेश के हाथरस से विशेष रूप से अरारोट की 2750 किलोग्राम गुलाल मंगवाई गई है। सम्राट दरबारियों के साथ डम्पर में सवार रहकर गुलाल उडाएंगे। गाजे-बाजे से निकाली जाने वाली सवारी में घोडे़ एवं ऊंट बग्घी आदि शामिल रहेंगी।
निगम से निकलेगी सवारी
सम्राट अशोक की सवारी 10 मार्च को शाम 4 निगम से शुरू होगी। सम्राट की सवारी के दौरान अरारोट से बने सुगंधित गुलाल उड़ाएंगे। सवारी निकलने से पूर्व सम्राट कुछ देर के लिए निगम परिसर में दरबार लगाकर मौजूद दरबारियों और आमजन को खर्ची के रूप में 10-10 रुपए बांटेंगे।
सम्राट और मंत्री का होगा मिलन
सम्राट की सवारी निगम परिसर से शुरू होकर चूड़ी बाजार, नया बाजार, आगरा गेट, उतार नसियां होते हुए सुभाष उद्यान पहुंचेगी। मार्ग में पार्षद हेमन्त सुनारीवाल के संयोजन में कलाकार गैर नृत्य की प्रस्तुति देंगे। सम्राट अशोक विकास समिति के तत्वावधान में होली दडा से मंत्री की सवारी निकाली जाएगी। नया बाजार चौपड़ पर सम्राट अशोक और मंत्री का मिलन होगा। सवारी के समापन पर सम्राट पट्टों का वितरण कर खुशहाली के संदेश की मुनादी करेंगे।
Published on:
09 Mar 2023 10:03 pm
बड़ी खबरें
View Allअजमेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
