दीपोत्सव को लेकर मिठाई विक्रेता उल्लासित : पारंपरिक मिठाइयों की जगह सूखे मेवे की मिठाइयों ने जमाया प्रभाव दीपोत्सव की तैयारियां अब शहर में नजर आने लगी हैं। पिछले दो साल के कोरोना काल के बाद लोग इस बार दीपोत्सव धूमधाम से मनाने को लेकर उत्साहित हैं। इसमें मिठाई की भूमिका भी अहम है।
अजमेर. दीपोत्सव की तैयारियां अब शहर में नजर आने लगी हैं। पिछले दो साल के कोरोना काल के बाद लोग इस बार दीपोत्सव धूमधाम से मनाने को लेकर उत्साहित हैं। इसमें मिठाई की भूमिका भी अहम है।
पारंपरिक गुलाब जामुन इमरती, कलाकंद मावे आदि से निर्मित मिठाईयों के साथ अब सूखे मेवे से बनी रैप्ड मिठाइयों का चलन बढ़ गया है। चाशनी व मिठाई से परहेज करने वाले लोग अब काजू, बादाम, अंजीर, अखरोट आदि से बनी मिठाईयों की ओर आकर्षित हुए हैं। ड्राइफ्रूट और इनकी गिफ्ट पैकिंग का प्रचलन भी बढ़ा है। यह मिठाइयां महंगी होने के बावजूद बाजार में अपना स्थान बनाए हुए हैं।
फेस्टिव सीजन की शुरुआत शारदीय नवरात्र से हो चुकी है, लेकिन मार्केट में बूम की स्थिति अब शुरू हुई है। शहर के मदार गेट, पड़ाव-कवंडसपुरा, नया बाजार, पुरानी मंडी, लक्ष्मी चौक- नला बाजार में सर्वाधिक चहल-पहल दिख रही है। इनके अलावा जयपुर रोड, नसीराबाद रोड, पंचशील सहित विभिन्न मॉल और रिटेल, होलसेल शॉप्स पर ड्राइफ्रूट, हैल्दी फूड-मिठाई और अन्य सामग्री की बिक्री जारी है। दिवाली के महज २२ दिन बचे हैं। कारोबारियों की मानें तो पिछले सालों की अपेक्षा इस बार रेस्पॉन्स नजर आ रहा है।
हैल्दी फूड-मिठाइयों पर ज्यादा फोकस
डायबिटीज, ब्लड प्रेशर आदि रोगों और कोरोना संक्रमण के बाद लोगों में सेहत को लेकर जागरुकता बढ़ गई है। डाइटिशियन अनमोल कपूर के अनुसार आमतौर पर लोग हैल्दी फूड, कम घी वाली, मिल्क बेस्ड और शुगर फ्री मिठाइयों पर ज्यादा फोकस करने लगे हैं। हैल्दी ब्रेड रोल, चीज रोल, फ्राइ, मक्खन-बटर से बनी वस्तुओं पर फोकस हो रहा है।