
Fraud : युवक से की 18 हजार रुपए ऑनलाइन ठगी
केकड़ी (अजमेर).
बदमाशों ने ऑनलाइन लॉटरी में 25 लाख रुपए जीतने का झांसा देकर एक युवक से 18 हजार रुपए ठग लिए। पीडि़त ने इस संबंध में पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पुराना कोटा रोड निवासी पीरू लौहार पुत्र मिठू लौहार के मोबाइल पर मैसेज आया कि उसने कौन बनेगा महाकरोड़पति में 25 लाख रुपए जीते हैं। मैसेज भेजने वाले ने फोन पर बताया कि जीती हुई राशि प्राप्त करने के लिए उसे टैक्स के रूप में 6 हजार रुपए जमा कराने होंगे।
इसके बाद उसने ई-मित्र के माध्यम से जालसाज द्वारा बताए गए खाते में 6 हजार रुपए जमा करा दिए। थोड़ी देर बाद फिर से फोन आया और 12 हजार रुपए जमा कराने के लिए कहा गया। इस बार भी उसने 6-6 हजार रुपए दो बार में जमा करा दिए। इसके बाद फिर से 5 हजार रुपए जमा कराने की बात कही गई तो उसे ठगे जाने का अहसास हुआ। उसने लोगों से जानकारी की तो स्थिति साफ हो गई।
गहने गिरवी रख कर उधार लाया रुपए
बताते हैं कि पीरू लौहार की आर्थिक स्थिति कमजोर है। 25 लाख रुपए की लॉटरी की सूचना मिलते ही मानो उसकी उम्मीदों को पंख लग गए। पीरू जालसाज के झांसे में आ गया और जैसा उसने कहा, वह करता गया। जालसाज ने उसके मोबाइल पर एक वीडियो व इमेज भी बना कर डाली। जिसमे उसे 25 लाख रुपए का विजेता बताया गया।
पीरू लौहार के पास टैक्स के रूप में जमा कराने के लिए उसके पास रुपए नहीं थे, तो उसने अपनी मां के गहने गिरवी रखकर रुपए उधार ले लिए और जालसाज द्वारा बताए खाते में जमा करा दिए। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है।
Published on:
21 Aug 2019, 5:30 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.