ब्यावर. शादी की खुशियां एक झटके में मातम में बदल गई । नन्दनगर स्थित कुमावत पंचायत भवन में शुक्रवार शाम को चल रहे शादी समारोह के दौरान दो गैस सिलेंडर फट गएा। हादसे में दो जनों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो ने उपचार के दौरान दम तोड़ा। 17 से अधिक घायल हुए है, इनमें से छह को अजमेर रेफर कर दिया। हादसे के बाद समारोह स्थल भवन क्षतिग्रस्त हो गया।
तीसरी मंजिल पर जहां सिलेंडर फटे, वहां की छत व दीवारें भरभरा कर नीचे गिर पड़ी। विस्फोट इतना तेज था कि आस-पास के भवनों की खिड़कियां भी टूट कर दूर जा गिरी। देखते ही देखते हाहाकार मच गया। लोग जान बचाने के लिए भवन से बाहर की और भागे एवं अपने परिचितों की सार संभाल करते नजर आए। कुमावत पंचायत भवन को पुलिस ने अपने सुरक्षा घेरे में ले लिया है।
शहर थाना पुलिस के अनुसार नन्दनगर स्थित कुमावत पंचायत भवन में शुक्रवार शाम को एक शादी समारोह चल रहा था। महिलाएं मंगलगीत गा रही थी एवं मेहंदी रचा रही थी। इस दौरान गैस सिलेंडर अचानक तेज आवाज के साथ फटा। वहां लोग कुछ समझ पाते इससे पहले ही पूरा भवन ही झूलने लगा। विस्फोट इतना तेज था कि कुमावत पंचायत भवन के हिस्सा आस-पास के मकानों पर जा गिरा।
इससे आस-पास की मकानों की खिड़कियां भी टूटकर दूर जा गिरी। मामले की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। घायलों में पीपाड़ शहर निवासी विश्वास (32), भंवरलाल, चांदमल, सुगना, शिवप्रकाश, इन्द्रादेवी, रेखा, कोमल, गोविन्द, आरती, वंदना, पाली निवासी तमन्ना (7), पीपाड़ निवासी अन्नु, कमल, राजू, पाली निवासी दीपिका, आशा, गजेन्द्र, मांगी, संजय, अमित घायल हो गए।घायलों को लेकर अमृतकौर चिकित्सालय पहुंचे। यहां से आशा, गजेन्द्र, मांगी, संजय, ओमप्रकाश व अमित को अजमेर रेफर कर दिया।जबकि दो जनों की मृत्यु हो गई।
पूरे एरिया को लिया सुरक्षा घेरे में
कुमावत पंचायत भवन में विस्फोट के बाद दमकल व पुलिस मौके पर पहुंची। उपखंड अधिकारी पीयूष समारिया, पुलिस उपअधीक्षक सी.एस.सोढा, सहायक पुलिस अधीक्षक ग्रामीण देवेन्द्र विश्नाई, शहर थानाधिकारी यशवंतसिंह यादव मौके पर पहुंचे। जबकि विधायक शंकरसिंह रावत, सभापति बबीता चौहान, मंडल अध्यक्ष जयकिशन बल्दुआ, दिनेश कटारिया सहित समाज सेवी संगठनों के पदाधिकारी मौके पर पहुंच गए।
एतियातन बंद की विद्युत आपूर्ति
नन्दनगर क्षेत्र के कुमावत पंचायत भवन में सिलेंडर फटने की सूचना मिलते ही विद्युत निगम की ओर से विद्युत सप्लाई बंद कर दी गई। इस भवन की ओर जाने वाली हर गली पर पुलिस बल तैनात कर दिए गए। चांग-चितार रोड से वाहन हटवाए गए ताकि घायलों को अस्पताल पहुंचाने में देरी नहीं हो सके।
लोगों के और फंसे होने की आशंका
कुमावत पंचायत भवन में देर रात तक लोगों के और फंसे होने की आशंका बनी हुई थी। राहत व बचाव का कार्य देर रात तक जारी था।भवन में और लोगों के फंसे होने को लेकर पड़ताल चल रही थी। शादी समारोह में आए लोग देर रात तक अपने परिचितों की तलाश कर रहे थे। अस्पताल के बाहर बडी संख्या में भीड़ जमा हो रखी थी। अस्पताल में भी व्यवस्था के लिहाज से पुलिस बल तैनात किया गया।