25 अक्टूबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

राजस्थान: पति ने दांतली से कर दी पत्नी की हत्या, खुद ही अस्पताल लेकर पहुंचा, पुलिस पहुंची तो हुआ खुलासा

ब्यावर जिले के बिजयनगर थाना क्षेत्र के हनुतिया गांव में पति ने धारदार दांतली से पत्नी का कत्ल कर दिया। आरोपी पति ने वारदात के बाद चिकित्सकों और ससुराल पक्ष को गुमराह करने की कोशिश की लेकिन पुलिस की पूछताछ में टूट गया।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

अजमेर

•

image

kamlesh sharma

•

Updated: 26 Jul 2025, 3:21 PM IST

murder in Beawar

पुलिस गिरफ्त में आरोपी सांवरमल। फोटो पत्रिका

अजमेर। ब्यावर जिले के बिजयनगर थाना क्षेत्र के हनुतिया गांव में पति ने धारदार दांतली से पत्नी का कत्ल कर दिया। आरोपी पति ने वारदात के बाद चिकित्सकों और ससुराल पक्ष को गुमराह करने की कोशिश की लेकिन पुलिस की पूछताछ में टूट गया। जुर्म कबूल करने पर पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करा शव पीहर पक्ष के सुपुर्द कर दिया।

पुलिस के अनुसार हनुतिया निवासी सांवरलाल कुम्हार गुरुवार देर रात पत्नी ज्ञानादेवी (33) को पहले बिजयनगर के राजकीय अस्पताल फिर जवाहरलाल नेहरू अस्पताल लेकर पहुंचा। यहां अजमेर में चिकित्सकों ने ज्ञानादेवी को मृत घोषित कर दिया। सांवरलाल ने चिकित्सकों को खेत पर हमले की कहानी सुनाई। फिर ढाल स्थित ससुराल में सुबह 5 बजे दुर्घटना में घायल होने की सूचना दी। चिकित्सकों ने शव मोर्चरी में रखवा बिजयनगर थाने को सूचना दे दी। शुक्रवार सुबह बिजयनगर थाना पुलिस, पीहर से मृतका का बुजुर्ग पिता, भाई व रिश्तेदार पहुंचे।

प्रथम दृष्ट्या चिकित्सकों ने ज्ञानादेवी पर धारदार हथियार से हमला होना बताया। पुलिस ने पीहर पक्ष के सामने सांवरलाल से सख्ती से पड़ताल की तो उसने खेत पर झगडे़ के दौरान दांतली से हमला करना कबूल कर लिया। पुलिस ने मृतका के पिता कजोड़ प्रतापत की रिपोर्ट पर आरोपी के खिलाफ हत्या, साक्ष्य मिटाने का प्रयास समेत विभिन्न धारा में मुकदमा दर्जकर लिया।

निर्ममता से किया हमला

मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम में सामने आया कि सांवरलाल ने ज्ञानादेवी पर निर्ममता से वार किए। ज्ञानादेवी की कनपटी पर दांतली से गहरा जख्म, सिर पर बड़ा कट था। इसके अलावा गर्दन, कंधे पर भी धारदार हथियार के जख्म थे। मृतका की हथेली कटी हुई थी। एफएसएल टीम ने मोर्चरी में शव के जख्मों का जायजा लेने के बाद हनुतिया गांव में घटनास्थल से भी साक्ष्य जुटाए।

पहले भी होते रहे हैं झगड़े…

मृतका के भाई परमराज ने बताया कि सांवरलाल व ज्ञानादेवी के पहले भी झगड़े होते रहे लेकिन परिवार के लोगों की समझाइश से सुलझते भी थे। बीते 6 माह से सबकुछ शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा था। गुरुवार दोपहर में ज्ञाना की अपनी मां व भाभी से बात हुई थी। तब सबकुछ ठीक था। फिर रात 12 बजे सांवरलाल ने कॉल कर पीहर में एक्सीडेंट की सूचना दी थी।

इस तरह अंजाम दी वारदात

पड़ताल में सामने आया कि सांवरलाल गुरुवार शाम को पत्नी ज्ञानादेवी के साथ खेत पर मवेशियों के लिए चारा लेने गया, जहां दोनों में विवाद हो गया। सांवरलाल ने दांतली से ज्ञानादेवी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। जिससे वह लहूलुहान हालत में खेत में अचेत होकर गिर गई। जबकि सांवरलाल चारा उठाकर घर आ गया। मवेशियों को चारा डालने के बाद वह वापस खेत पर लौटा। उसने पत्नी पर अज्ञात व्यक्ति द्वारा हमले की कहानी बताकर उसे बिजयनगर के राजकीय अस्पताल लेकर पहुंचा। जहां से उसे अजमेर रेफर कर दिया अजमेर जेएलएनएच में चिकित्सकों ने मृत घोषित कर शव मोर्चरी में रखवा दिया।

इनका कहना है…

मृतका के पिता की रिपोर्ट पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी रातभर पुलिस व परिजन को गुमराह करता रहा। मृतका की चोट और उसके खेत में मिले खून से संदेह गहरा गया। सख्ती से पड़ताल में आरोपी ने जुर्म कबूल कर लिया।

करणसिंह खंगारोत, थानाप्रभारी बिजयनगर