
'पार्षद ने कहा एरिया का जनप्रतिनिधि हूं, सरकार हमारी है, बदनामी थोड़े ही करानी है...Ó
अजमेर. 'यहां क्या व्यवस्थाएं कर रखी हैं, अभिभावक खड़े हुए हैं पीछे तक, सरकार हमारी है, यहां कोई सिस्टम नहीं है, एरिया का जनप्रतिनिधि हूं, मुबारक अली चीता कहते हैं मुझे, हमारी सरकार की बदनामी थोड़े ही करानी है।' महात्मा गांधी (अंग्रेजी माध्यम) स्कूल वैशालीनगर में शुक्रवार को लॉटरी निकालने के दौरान पहुंचे चीता ने अभिभावकों के बैठने की व्यवस्था नहीं करने पर नाराजगी जताई। प्रधानाचार्य विजयलक्ष्मी यादव को माइक से उद्घोषणा करते हुए रोकते हुए उन्होंने व्यवस्था की मांग की। चीता ने कहा कि यहां लॉटरी निकाली जा रही है और क्षेत्र के जनप्रतिनिधि को जानकारी नहीं दी। इस पर प्रधानाचार्य यादव ने महिला कांग्रेस की शहर अध्यक्ष सबा खान की ओर इशारा किया कि वे मौजूद हैं, इससे चीता और आक्रोशित हो गए, उन्होंने कहा कि वे जनप्रतिनिधि हैं, पूर्व में पार्षद रह चुके हैं। उन्हें सूचना नहीं है। बाद में प्रधानाचार्य रावत ने समझाइश की। इसी दौरान पीछे खड़े अभिभावकों ने कहा कि खड़े रहने के बावजूद उन्हें कोई परेशानी नहीं है। उन्होंने पूर्व पार्षद चीता को कहा कि आज लॉटरी का काम चलने दें, कोई परेशानी नहीं हो रही है। इसके बाद चीता को मंच पर कुर्सी लगाकर बैठाया गया। कुछ देर बाद चीता रवाना हो गए। इस घटना को लेकर प्रधानाचार्य रावत ने कहा कि स्कूल में जो फर्नीचर था वह अभिभावकों के लिए लगा दिया गया है, वहीं 18 मई से स्कूल में प्रवेश के लिए सूचनाएं दी जा रही थीं।
Published on:
28 Jun 2019, 11:22 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.