
illegal gas refilling in beawar
लगता है, ब्यावर के लोगों ने गैस सिलेंडर हादसे को भुला दिया है। यहां गैस भरने का गोरखधंधा जारी है। रसद विभाग की ओर से ग्राम नरबदखेड़ा स्थित पोल्ट्री फार्म से पकड़े गए गैस सिलेंडरों को नसीराबाद स्थित कम्पनी के प्लांट में जमा करा दिए हैं। मौके पर मिले ट्रक को जवाजा थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। विभाग की ओर से सोमवार को इसका प्रकरण बनाकर जिला कलक्टर के समक्ष पेश किया जाएगा।
अवैध रूप से गैस भंडारण एवं गैस रिफिलिंग करने वालों पर विभाग की नजर है। नन्दनगर में गैस सिलेंडर फटने से 21 जनों की जान जाने के बावजूद अब तक लोगों ने सबक नहीं लिया है। कुछ रुपए कमाने की लालसा में लोगों का जीवन संकट में डाल रहे हैं। बिना सुरक्षा मानकों को पूरा किए गैस का भंडारण पकड़ा गया। इसमें 409 गैस सिलेंडर पकड़े।
जुटा रहे जानकारी
विभाग की सख्ती के बावजूद गैस सिलेंडर का अवैध भंडारण एवं अवैध गैस रिफिलिंग का गोरखधंधा चल रहा है। विभाग की ओर से ग्रामीण क्षेत्रों में जहां पर अवैध रूप से गैस सिलेंडर का भंडारण हो रहा है। उनके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। इसके अलावा गैस रिफिलिंग करने वालों को भी चिह्नित किया जा रहा है। गौरतलब है कि रसद विभाग की ओर से नरबदखेड़ा में 409 व्यावसायिक सिलेंडर जब्त किए गए थे। यह एक पोल्ट्री फार्म में रखे हुए थे, जहां पर सुरक्षा की कोई व्यवस्था नहीं थी। इसके अलावा कार में गैस रिफिलिंग करने का भी विभाग ने एक प्रकरण बनाया है।
लम्बे समय से चल रहा है गोरखधंधा
रसद विभाग की पड़ताल में सामने आया है कि लम्बे समय से गैस सिलेंडर का भंडारण किया जा रहा है। इसमें जिन गैस एजेंसियों के स्थानीय स्तर पर लाइसेंस नहीं हैं। वो भी यहां पर गैस का कारोबार कर रहे हैं। इसमें दूरदराज की गैस एजेंसियों से सिलेंडर लाकर वितरण करने की बात सामने आई है। विभाग इनके बारे में पुख्ता जानकारी जुटा रहे हैं।
पोल्ट्री फार्म में रखे गए गैस सिलेंडर के जखीरे का न तो लाइसेंस था एवं न ही सुरक्षा के मापदंड ही मिले। सोमवार को इसका प्रकरण बनाकर जिला कलक्टर के समक्ष पेश किया जाएगा। नियमों के विपरित गैस भंडारण एवं अवैध रिफिलिंग पर नजर है। इन पर नियमित रूप से कार्यवाही की जाएगी।
- विनय कुमार, जिला रसद अधिकारी
Published on:
19 Mar 2018 07:10 am
बड़ी खबरें
View Allअजमेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
