9 अप्रैल 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Accident: जयपुर-अजमेर हाइवे पर बड़ा हादसा, टोल प्लाजा पर बेकाबू ट्रक ने कुचली कार, केबिन के उड़े परखच्चे, 7 घायल

Truck Crushed Car On Gegal Toll Plaza: टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह से चकनाचूर हो गई और टोल बूथ का केबिन भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस हादसे में कार सवार लोग और टोल कर्मचारियों समेत कुल 7 लोग घायल हो गए।

2 min read
Google source verification
Accident

फोटो: ANI

Jaipur-Ajmer Highway Accident: जयपुर-अजमेर नेशनल हाईवे पर देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हुआ। किशनगढ़ क्षेत्र के गेगल टोल प्लाजा पर तेज रफ्तार और बेकाबू कंटेनर ट्रक ने टोल लाइन में खड़ी एक कार को पीछे से जोरदार टक्कर मारकर कुचल दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह से चकनाचूर हो गई और टोल बूथ का केबिन भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस हादसे में कार सवार लोगों और टोल कर्मचारियों समेत कुल 7 लोग घायल हो गए।

दरगाह में जियारत कर लौट रहे थे कार सवार

बताया जा रहा है कि कार में सवार लोग अजमेर शरीफ दरगाह में जियारत कर वापस लौट रहे थे। जब उनकी कार टोल प्लाजा पर टैक्स देने के लिए लेन में खड़ी थी, तभी पीछे से आ रहा कंटेनर ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया।

तेज रफ्तार के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रक सीधे कार में जा भिड़ा। टक्कर इतनी तेज थी कि कार आगे की ओर धकेलती हुई टोल केबिन से जा टकराई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद कुछ ही सेकंड में पूरे टोल प्लाजा पर अफरा-तफरी मच गई। जोरदार धमाके की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे।

कार के अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। वहीं टोल बूथ पर ड्यूटी कर रहे कर्मचारी भी इस टक्कर की चपेट में आ गए और उन्हें भी चोटें आईं।

सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस

सूचना मिलते ही गेगल थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थानीय लोगों की मदद से राहत कार्य शुरू किया। घायलों को तुरंत एंबुलेंस की सहायता से अस्पताल भिजवाया, जहां उनका इलाज जारी है। कुछ घायलों को गंभीर चोटें आई हैं, इसलिए डॉक्टर उनकी हालत पर नजर रखे हुए हैं। हादसे के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात भी प्रभावित हुआ और वाहनों की लंबी कतार लग गई। बाद में पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर ट्रैफिक को सामान्य कराया।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। शुरुआती जानकारी में माना जा रहा है कि ट्रक की तेज गति या वाहन पर नियंत्रण खोने के कारण ये बड़ा हादसा हुआ। जांच के बाद ही दुर्घटना की असली वजह साफ हो सकेगी।