
Ajmer: पुलिस गिरफ्त में गिरोह की सरगना अफसाना उर्फ बिजली व आफरीन उर्फ नूरजहां। (फोटो-पत्रिका)
अजमेर। समुदाय विशेष की नाबालिग को चूरू के सरदारशहर में बेचकर शादी रचाने के मामले में दरगाह थाना पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। नाबालिग को बेचने से पहले पुष्कर के एक होटल में दो युवकों ने उसके साथ सामूहिक बलात्कार भी किया था। इसमें गिरोह की कैटरिंग व्यवसाय में सक्रिय आरोपी महिला ने सहयोग किया था। मामले का शुक्रवार शाम दरगाह थाना पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन महिलाओं समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों में सामूहिक दुष्कर्म का एक आरोपी शामिल है। पुलिस को फिलहाल चार अन्य आरोपियों की तलाश है।
पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से रोशनी और जिशान को जेल भेजने के आदेश दिए गए। गैंग की सरगना अफसाना उर्फ बिजली व उसकी सहयोगी आफरीन उर्फ नूरजहां को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर सौंपा गया है। इस मामले में शादी करने वाले अधेड़ को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
वृत्ताधिकारी दरगाह व अनुसंधान अधिकारी लक्षमणराम चौधरी ने बताया कि समुदाय विशेष की नाबालिग को अगवा कर चूरू जिले के सरदारशहर में 45 वर्षीय अधेड़ से शादी रचाने और बंधक बनाकर प्रताड़ित करने के मामले में गिरोह की सरगना पश्चिम बंगाल के मेदनीपुर जिला निवासी अफसाना उर्फ बिजली (36), अन्दर कोट गुलाब हाउस निवासी रोशनी खातून (22), झरनेश्वर मंदिर के पास रहने वाली आफरीन उर्फ नूरजहां (36) और पुष्कर मारवाड़ बस स्टैण्ड के पास बड़ी बस्ती निवासी मोहम्मद जिशान रंगरेज उर्फ दिशु (21) को गिरफ्तार किया।
सीओ चौधरी ने बताया कि पीड़िता की मां और रोशनी के पहले से परिचित होने से पीड़िता का रोशनी के घर आना-जाना था। सात माह पहले रोशनी पीड़िता को पुष्कर घुमाने के बहाने ले गई जहां परिचित मोहम्मद जिशान उर्फ दिशु और उसके साथी बाबूलाल उर्फ उपेन्द्र को बुलाया। दोनों पीड़िता को पुष्कर के एक होटल में ले गए। जहां आरोपियों ने उसे नशीला पेय पिलाकर बलात्कार किया। पीड़िता के नशे में होने से रोशनी उसे अपने घर ले गई। इसी दौरान उसने अफसाना उर्फ बिजली व नूरजहां से मिलकर चूरू सरदारशहर की दलाल जरीना से बात कर नाबालिग को 'कटिंग' यानी बेचने का षड़यंत्र रच डाला।
पीड़िता के होश में आने से पहले आरोपी उसे ऑटो रिक्शा चालक खुर्शीद की मदद से चूरू के सरदारशहर लेकर पहुंची। जहां दलाल जरीना को 32 हजार रुपए में बेच दिया। जरीना ने नाबालिग की शादी 45 वर्षीय संजय उर्फ संजू गुर्जर से करवा दी। संजू गुर्जर ने नाबालिग को 7 माह तक अपने घर में बंधक बनाकर देहशोषण करने के साथ यातनाएं भी दी। सरदारशहर की घटना की तस्दीक के लिए दरगाह थाने की टीम को रवाना किया गया है।
13 जून को पीड़िता की मां ने थाने में रिपोर्ट दी कि उसकी नाबालिग पुत्री को सात माह पहले बिजली उर्फ अफसाना व मरजीना नामक महिला कहीं लेकर चली गई या छोड़ आई। उसके पास बेटी का आधार कार्ड नहीं था। इस कारण वह रिपोर्ट नहीं दे सकी। पुलिस ने प्रकरण में संदिग्धों से पड़ताल के पश्चात नाबालिग को 15 जून को सरदारशहर से दस्तयाब कर लिया। पीड़िता के बयान से पुष्कर और सरदारशहर में दी गई यातनाओं के साथ गिरोह के काले कारनामे का खुलासा हुआ।
प्रकरण में अजमेर की कार्यवाहक एसपी उषा यादव और एएसपी (सिटी) हिमांशु जांगिड़ ने त्वरित कार्रवाई कर गिरोह के अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के आदेश दिए। प्रकरण में अनुसंधान सीओ दरगाह लक्षमणराम चौधरी को सौंपा गया।
Updated on:
19 Jun 2026 10:36 pm
Published on:
19 Jun 2026 10:19 pm
बड़ी खबरें
View Allअजमेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
