
nagar nigam
- सीवरेज लाइन व नालों का काम अधूरा, यातायात बाधित
- जलभराव के दौरान हादसे की आशंका
अजमेर.शहर में सीवरेज लाइन व नालों की मरम्मत का कार्य पूरा नहीं हो सका है। मानसून कुछ ही दिनों में सक्रिय हो जाएगा जबकि सीवरेज लाइन व नालों की मरम्मत का काम अधर में है। खोदे गए बड़े-बड़े गड्ढे बारिश से पहले नहीं भरे गए तो हादसों का सबब बनेंगे। पत्रिका टीम ने सोमवार को भजनगंज स्थित नौ नंबर पेट्रोल पंप तथा प्रकाश रोड पर नालों व सीवरेज कार्यों को देखा। कार्य पूर्ण होने में अभी कई दिन लग सकते हैं। ऐसे में बारिश में जलभराव के चलते काम अटक जाएंगे। इसी प्रकार महावीर सर्कल से आगरा गेट जाने वाले क्षेत्र में भी सीवरेज लाइन उफनने से गंदा पानी नसियां के प्रवेश द्वार के बाहर तक फैल गया है।
केस-1 भजनगंज पेट्रोल पंप पर खुदाईभजन गंज स्थित नौ नंबर पेट्रोल पंप के पीछे मुख्य मार्ग को पिछले कई माह से खोद रखा है। यहां सीवरेज लाइन व नाले का काम चल रहा है। इसे एस्केप चैनल से जोड़ा जाना है। जिससे निचली बस्तियों में जल भराव नहीं होकर गंदा पानी मुख्य मार्ग पर नहीं आए।
केस-2 प्रकाश रोड पर अधूरा कामप्रकाश रोड पर एक समारोह स्थल के बाहर छोटे नाले को खोद कर मुख्य नाले गोपाल गंज एस्केप चैनल से जोड़ा जाना है। यह कार्य बारिश से पहले पूरा होता नजर नहीं आ रहा। यह कार्य पूरा होने पर सुनहरी कॉलोनी, भट्टा रोड, झलकारी नगर आदि क्षेत्रों को जलभराव से स्थायी निजात मिल जाएगी। क्षेत्रवासियों ने बताया कि प्रकाश रोड का नाला पहले नसीराबाद रोड मुख्य नाले से जुड़ता था। लेकिन यहां अतिक्रमण होने से इसका पानी डायवर्ट होकर गोपाल गंज की ओर नहीं जा पा रहा था। नाला निर्माण होने के बाद इस समस्या से निजात मिल सकती है।
केस-3 सीवरेज लाइन क्षतिग्रस्तमहावीर सर्कल गंज चौराहे के पास सोनीजी की नसियां के प्रवेश द्वार के बाहर सीवरेज लाइन क्षतिग्रस्त होने से गंदा पानी मुख्य मार्ग पर फैल रहा है। पिछले 15 दिन से नाला जाम है। गंदा पानी सड़क के ऊपर से बह रहा है। नसियां ट्रस्ट के प्रमोद सोनी ने बताया कि एलिवेटेड रोड बनते समय नसियां के सामने बनने वाली भुजा का विरोध किया गया था। नाले का फैरो कवर पुलिया के नीचे दबा दिया जिससे नाला हमेशा के लिए जाम हो चुका है।
Updated on:
23 Jun 2025, 11:53 PM IST
Published on:
23 Jun 2025, 11:53 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.