
Nasirabad chunay : अब भाजपा के नाम खुली लॉटरी
अजमेर. नगर पालिका नसीराबाद में बुधवार को उपाध्यक्ष पद के लिए हुए मतदान में भाजपा प्रत्याशी का भाग्य जोर मार गया। भाजपा और कांग्रेस को 10-10 बराबर मत मिलने पर लॉटरी निकाली गई जो भाजपा प्रत्याशी शम्भू साहू के नाम निकली। साहू को प्रमाण पत्र देने के दौरान मतदान केन्द्र के बाहर दोनों दलों के कार्यकर्ताओं में कहासुनी हो गई। पुलिस ने कार्यकर्ताओं से समझाइश कर मामला शांत कराया।
कांग्रेस की ओर से प्रदीप सिंह राठौड़ और भारतीय जनता पार्टी ने शम्भू साहू उम्मीदवार थे। भाजपा पार्षद नसीराबाद विधायक रामस्वरूप लाम्बा की देखरेख में मध्याह्न 3 बजे वोट डालने पहुंचे,जबकि कांग्रेस पार्षद 3.48 बजे मतदान के लिए आए। रिटर्निग ऑफीसर राकेश कुमार गुप्ता ने शम्भू साहू को प्रमाण पत्र सौंपा। इस दौरान तहसीलदार बुद्धि प्रकाश मीणा, ईओ महेन्द्र कुमार चारण और पुलिस के अधिकारी व जाप्ता मौजूद रहा।
जनता से रहेगा जुड़ाव
नसीराबाद नगर पालिका में उपाध्यक्ष पद पर नवनिर्वाचित शम्भू साहू ने कहा कि नगर पालिका क्षेत्र में स्कूल, डिस्पेसरी खुलवाना और सामुदायिक केन्द्र खुलवाना उनकी प्राथमिकता में शामिल है। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं के समाधान का प्रयास किया जाएगा। जनता से उनका सीधा जुड़ाव रहेगा।
अध्यक्ष पद पर कांग्रेस और उपाध्यक्ष पद पर भाजपा के नाम लॉटरी
नगर पालिका में पालिकाध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर लॉटरी से विजेता घोषित किया गया। इसमें पालिकाध्यक्ष के चुनाव में मंगलवार को भाजपा-कांग्रेस को बराबर मत मिले थे। इस पर लॉटरी निकालने पर कांग्रेस की प्रत्याशी शारदा मित्तलवाल विजय रही। उल्लेखनीय है कि भाजपा के 10, कांग्रेस के 8 और 2 निर्दलीय पार्षद चुनाव जीते हैं।
कांग्रेस ने निकाला जुलूस, भाजपा ने विधायक का किया स्वागत
नसीराबाद नगर पालिका चुनाव में उपाध्यक्ष पद का परिणाम घोषित होने के बाद भाजपा प्रत्याशी शम्भू साहू व नसीराबाद विधायक रामस्वरूप लाम्बा का माला पहनाकर स्वागत किया। दूसरी ओर पालिकाध्यक्ष शारदा मित्तलवाल का ढोल-ढमाकों के साथ विजयी जुलूस निकाला गया।
बाड़ाबंदी से मुक्त हुए पार्षद
नगर पालिका चुनाव में पार्षदों के विजय होते ही कांग्रेस और भाजपा के पार्षदों की बाड़ाबंदी की गई थी। मतदान 16 नवम्बर को हुआ और परिणाम 19 को घोषित किया गया। इसके बाद से ही दोनों दलों के पार्षद बाड़ाबंदी में रहे। उन्हें 27 नवम्बर को पालिका उपाध्यक्ष पद के चुनाव होने पर बाड़ाबंदी से मुक्त किया। पालिका उपाध्यक्ष पद पर मतदान के बाद उन्हें केन्द्र के बाहर पदाधिकारियों ने मोबाइल लौटाए।
Published on:
28 Nov 2019 09:59 am
बड़ी खबरें
View Allअजमेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
