12 फ़रवरी 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

स्कूलें खुलने पर सवाईमाधोपुर जिले के 4.36 लाख विद्यार्थियों की ‘पटरी ’ पर आएगी पढ़ाई

राज्य सरकार का 2 अगस्त से स्कूलें खोलने का निर्णय,जिले में 1732 सरकारी व निजी स्कूलों के विद्यार्थी होंगे,ग्रामीण क्षेत्रों में ऑनलाइन पढ़ाई में आ रही परेशानी होगी दूर लाभान्वित

3 min read
Google source verification
स्कूलें खुलने पर सवाईमाधोपुर जिले के 4.36 लाख विद्यार्थियों की ‘पटरी ’ पर आएगी पढ़ाई

सवाईमाधोपुर. साहू नगर सीमेंट फैक्ट्री स्थित महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय में पढ़ाई करते विद्यार्थी।

अजमेर/सवाईमाधोपुर. राज्य सरकार की ओर से 2 अगस्त से स्कूलें खोलने के निर्णय के बाद सवाईमाधोपुर जिले के 4 लाख 36 हजार सरकारी व निजी स्कूलों के विद्यार्थियों की पढ़ाई पटरी पर आएगी। सरकार के निर्णय के बाद बच्चों के लिए 108 दिन बाद प्रदेश में स्कूल खुलेंगे। इधर, स्कूल खोलने के निर्णय के बाद कुछ अभिभावक व विद्यार्थी तीसरी लहर को लेकर थोड़े चिंतित है, लेकिन कई अभिभावकों व विद्यार्थियों ने सरकार के इस निर्णय को सही बताया है,लेकिन कोरोना सुरक्षा कारणों को लेकर निर्णय पर संशय भी जता रहे हैं।

दरअसल, राज्य सरकार ने गुरुवार को कैबिनेट की बैठक में 2 अगस्त से स्कूलें खोलने का निर्णय किया है। कोविड नियमों की पालना के लिए चिकित्सा एवं गृह विभाग से चर्चा के बाद अलग से गाइडलाइन जारी की जाएगी। सरकार के फैसले से सवाईमाधोपुर जिले की 1,732 सरकारी व निजी शिक्षण संस्थाओं में फिर से चहल-पहल लौटेगी। इसमें 1,032 सरकारी और 700 निजी स्कूलें शामिल हैं। कोरोना की दूसरी लहर के चलते 16 अप्रेल से स्कूलें बंद हैं।

ऑनलाइन क्लास की परेशानी होगी खत्म

स्कूलें बंद होने से ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थी सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं। इन क्षेत्रों में नेटवर्क की दिक्कत से ऑनलाइन कक्षाएं सही तरीके से नहीं चल पाई थी। अब स्कूल खुलने से ग्रामीण के विद्यार्थियों का पढ़ाई फिर से पटरी पर लौटेगी। ऐसे में ग्रामीण क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं को ऑनलाइन क्लास की समस्या से निजात मिलेगी।

संक्रमण बढ़ा तो फिर बढ़ेगी परेशानी

सरकार ने 2 अगस्त से स्कूलों को खोलने का निर्णय तो ले लिया, लेकिन इस बीच यदि कोरोना की तीसरी लहर आ जाती है, तो फिर परेशानी बढ़ जाएगी। यदि कोरोना संक्रमण बढ़ा और तीसरी लहर की आशंका बढ़ती है तो स्कूल फिर से बंद कर सकते हैं।

यह बोले विद्यार्थी

सुरक्षा इंतजामों के साथ खोलें स्कूल

पिछले डेढ़ साल से कोरोना महामारी के चलते विद्यालय पूर्णतया बंद है। हमें घर-घर ही ऑनलाइन अध्ययन करना पड़ रहा है। ऐसे में मानसिक तनाव की स्थिति से गुजर रहे है, लेकिन अब कोरोना महामारी काफी हद तक नियंत्रण में हैं। पूर्ण सुरक्षा इंतजामों के साथ स्कूल खुलने चाहिए।

- नमन अग्रवाल, छात्र, सवाईमाधोपुर

मास्क, सैनेटाइज लेकर जाएंगे

विद्यार्थियों के भविष्य को देखते हुए 2 अगस्त से सभी स्कूल का निर्णय सही है। स्कूल की ओर से भी नियमित रूप से ऑनलाइन पढ़ाई कराई जा रही है। ऐसे में अब स्कूले खुल जाएगी तो कोई परेशानी नहीं होगी। मॉस्क, सैनेटाइज व कोरोना गाइडलाइन की पालना के साथ ही विद्यालय में जाएंगे।

- दीपिका मीणा, छात्रा, सवाईमाधोपुर

अभिभावक कहिन....

बच्चों की स्वास्थ्य सुरक्षा जरूरी

राज्य सरकार का स्कूल खोलने का निर्णय सकी है, क्योंकि स्कूल बंद होने से बच्चों की पढ़ाई का नुकसान हो रहा है। तीसरी लहर की आशंका के चलते अभिभावकों में छोटे बच्चों को लेकर चिंता है। विशेषकर कक्षा एक से आठ तक के बच्चों सुरक्षा जरूरी है। इस पर विचार करना चाहिए।

राजेश गौतम, अभिभावक, सवाईमाधोपुर

स्कूल खोलने की प्रक्रिया चरणों में हो

मैं सरकार के इस फैसले से सहमत नहीं हूं, क्योंकि अभी तक बड़ों का वैक्सीनेशन पूरा नहीं हो सका है। सरकार को अभी एक साथ पूरी कक्षाओं के लिए विद्यालय नहीं खोलना चाहिए। यह प्रक्रिया चरणों में होनी चाहिए। वैसे भी बच्चे 6 घंटे लगातार मास्क कैसे लगा कर रख जाएंगे। विद्यालय खोलने से पहले स्कूल स्टाफ का भी टीकाकरण होना चाहिए।

पारूल शर्मा, अभिभावक, सवाईमाधोपुर

फैक्ट फाइल

- जिले में पहली से 12वीं कक्षा तक निजी व सरकारी स्कूलों की संख्या : 1732

- जिले में पहली से 12वीं कक्षा तक निजी व सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों की संख्या : 4 लाख 36 हजार
-जिले में पहली से 12वीं कक्षा तक कुल संचालित सरकारी स्कूल : 1,032

- जिले में पहले से 12वीं कक्षा तक सरकारी विद्यार्थियों की संख्या : 1 लाख 36 हजार 10
-जिले में माध्यमिक व उच्च माध्यमिक स्कूल : 294

- माध्यमिक स्कूलों की संख्या : 64
-उच्च माध्यमिक स्कूलों की संख्या : 223

- जिले में मॉडल स्कूल संचालित : 05
-जिले में महात्मा गांधी इंग्लिश स्कूल संचालि : 02

-जिले में प्राथमिक व उच्च प्राथमिक स्कूल संचालित : 736
- जिले में संचालित प्राथमिक स्कूल : 442

-जिले में सचांलित सरकारी उप्रावि : 296
- जिले में पहली से 12वीं कक्षा तक संचालित कुल निजी स्कूल : 700

- जिले में पहली से 12वीं कक्षा तक विद्यार्थियों की संख्या : 3 लाख

इनका कहना है

राज्य सरकार के निर्णय का स्वागत है। स्कूलों के लिए एडवाइजरी शीघ्र जारी की जानी चाहिए। विद्यालय संचालकों, अभिभावकों व विद्यार्थियों में खुशी की लहर है, लेकिन कोरोना सुरक्षा उपाय करना बेहद जरूरी है।
लोकेन्द्र शर्मा, प्रदेशाध्यक्ष, निजी स्कूल शिक्षा परिवार सवाईमाधोपुर एक्सपर्ट व्यू...

शिक्षा की नींव होगी मजबूत

सरकार का स्कूल खोलने का निर्णय सही है। खासतौर पर प्राथमिक स्कूलों के लिए उचित निर्णय है। प्राथमिक कक्षाओं की शिक्षा की नींव यही से मजबूत होती है। स्कूले बंद होने से विद्यार्थियों का पूर्व ज्ञान प्रभावित हो रहा है। पिछले दो साल स्कूलों में पढ़ाई नहीं हो पा रही है। ऐसे में स्कूलों के खुलने से अभिभावकों के साथ बच्चो को भी लाभ मिलेगा। विशेषतौर पर ऑनलाइन पढ़ाई करने में दिक्कत आ रहे विद्यार्थियों को राहत मिलेगी।

ओमप्रभा आर्य, प्रधानाचार्या, महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, साहूनगर,सवाईमाधोपुर