
आक्रोश : सांसद राजोरिया व जिले के भाजपा नेताओं को सुनाई खरीखोटी,प्रदेश प्रभारी के सामने भाजपा की फूट उजागर
हिण्डौनसिटी (करौली). नगरपरिषद चुनाव में टिकट वितरण में कथित रूप से धांधली को लेकर कुछ भाजपा कार्यकर्ता नाराज हैं। हाल में हुई भाजयुमो जिलाध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर भी कई आरोप है। गुरुवार को भाजपा कार्यकर्ताओं की नाराजगी पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री व प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह के सामने फूट पड़ी। भाजपाइयों ने जिले में संगठन की कमजोर स्थिति को लेकर शिकवे -शिकायतें की। इस दौरान सांसद डॉ. मनोज राजोरिया को लेकर भी रोष जताया गया। बीच सडक़ पर भाजपा की फजीहत होते देख कुछ वरिष्ठ भाजपाइयों ने दखल दिया। बाद में बीच-बचाव कर पार्टी नेताओं को करौली के लिए रवाना किया।
आरोप : फिर भी भाजपा का नहीं बना बोर्ड
दोपहर करीब पौने दो बजे भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री सिंह काफिले के साथ बयाना रोड स्थित टीकाकुंड हनुमान मंदिर पहुंचे। यहां कार्यकर्ताओं ने दुपट्टा पहना कर उनका स्वागत किया। यहां से रवानगी लेने के दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने नगरपरिषद चुनाव में टिकटों की खरीद-फरोख्त के आरोप लगाए। साथ ही हाल में भाजयुमो जिलाध्यक्ष की नियुक्ति पर भी सवाल खड़े कर शिकायत की कि नगरपरिषद हिण्डौन में सर्वाधिक नंबर होने के बावजूद भाजपा बोर्ड नहीं बना पाई।
नहीं खुले पट तो चौखट पर नवाया शीश
स्वागत के दौरान राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने टीकाकुंड मंदिर में हनुमानजी के दर्शन करने की इच्छा जाहिर की। इस पर कार्यकर्ताओं ने पुजारी से पट खोलने का आग्रह किया, लेकिन पुजारी ने पट नहीं खोले। इस पर अरुण सिंह ने बंद दरवाजे की चौखट पर मत्था टेका।
सांसद से जताई नाराजगी
कुछ कार्यकर्ताओं ने सांसद मनोज राजोरिया की कार्यप्रणाली को लेकर शिकायतें की। कार्यकर्ता पिंटू सोलंकी ने सांसद से कहा कि आप कुछ लोगों में सिमटे हुए हो। आम कार्यकर्ता के फोन तक नहीं उठाते। सोलंकी ने सांसद से अशोभनीय शब्द भी कहे। इस पर कुछ वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। इस दौरान प्रदेश महामंत्री भजनलाल शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष व संभाग प्रभारी मुकेश दाधीच, विक्रमपाल सिंह, बबली चतुर्वेदी, महाराज सिंह छाबड़ी, दिनेशचंद सैनी, सतवीर सिंह तिघरिया, सतेन्द्र चौधरी, गुड्डू चौधरी, गजेन्द्र सिंह, मानसिंह चौधरी, लाडमसिंह, अमित पंजाबी, राजीव सहारिया आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री का आरोप : प्रदेश में कानून का चीरहरण
करौली. भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह ने आरोप लगाया कि राजस्थान में कांग्रेस का कुशासन है। यहां कानून का चीरहरण हो रहा है। यहां अपराधी बेलगाम हो गए हैं। इससे जनता त्रस्त है, लेकिन मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सरकार इससे बेपरवाह बनी हुई है। आम जनता को इस कुशासन से निजात दिलाने के लिए भाजपा की ओर से मुद्दों को उठाया जाएगा। गुरुवार को यहां एक मैरिज होम में भाजपा जिला कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करने आए प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह ने पत्रकारों से वार्ता में यह बात कही।
मंत्री-विधायक क्वॉरंटीन
उन्होंने कहा कि गहलोत सरकार सालभर से क्वॉरंटीन है। उनके मंत्री व विधायक ना जनता से मिल रहे हैं और ना ही अपने क्षेत्र के दौरे पर जा रहे हैं, जिससे राज्य का किसान, युवाओं सहित सभी वर्ग पूरी तरह हताश हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में ना किसानों का कर्ज माफ हुआ और ना ही सरकार ने वादे पूरे किए हैं। दूसरी ओर प्रदेश में अपराध बढ़ गए हैं।
उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा प्रदेश के विकास के लिए जा पैसा दिया जा रहा है, उसका भी उपयोग नहीं है। जल जीवन मिशन के तहत राज्य सरकार केन्द्र के पैसे का उपयोग नहीं कर पा रही। प्रदेश में विकास ठप हो गया है। प्रदेश में अगले चुनाव में भाजपा की ओर से सीएम कौन होगा। इसके सवाल के जबाव में राष्ट्रीय महामंत्री बोले कि राजस्थान में चुनाव में अभी समय है। ऐसे में यह सवाल एक वर्ष बाद किया जाए तो उचित रहेगा।
Published on:
16 Jul 2021 12:50 am
बड़ी खबरें
View Allअजमेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
