6 जुलाई 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Rajasthan: पूर्व सरपंच अमरचंद जाजड़ा के भाई देवकरण की संदिग्ध मौत, धरने पर बैठे परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

अजमेर में भाजपा नेता और पूर्व सरपंच अमरचंद जाजड़ा के बड़े भाई देवकरण जाजड़ा की संदिग्ध मौत को लेकर मामला तूल पकड़ता जा रहा है। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया और धरने पर बैठ गए हैं।
2 min read
Google source verification
Ajmer News

अजमेर में रविवार रात जेएलएन अस्पताल की मोर्चरी के बाहर एकत्र लोगों की भीड़ और इनसेट में मृतक की फाइल फोटो: पत्रिका

Suspicious Death Of Devkaran Jajda: अजमेर के डीडवाना-कुचामन जिले की पीह ग्राम पंचायत के पूर्व सरपंच और BJP नेता अमरचंद जाजड़ा के बड़े भाई देवकरण जाजड़ा उर्फ फौजी की रविवार दोपहर अजमेर के गेगल थाना क्षेत्र में संदिग्ध हालात में मृत्यु हो गई। देवकरण गेगल क्षेत्र के छातड़ी गांव में अचेतावस्था में मिला था। अस्पताल ले जाने के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। हालांकि मृत्यु से पूर्व के सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो देवकरण के मानसिक अवसाद और नशे की हालत में होने की ओर इशारा कर रहे हैं। मामले में गेगल थाना पुलिस पड़ताल में जुटी है।

इसी बीच सोमवार सुबह से ही अजमेर के JLN अस्पताल की मोर्चरी के बाहर परिजनों ने धरना दिया और पोस्टमॉर्टम कराने से इनकार कर रहे हैं। धरने पर बैठे परिजनों की मांग है कि मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज करके निष्पक्ष जांच हो। मौके पर भारी पुलिस जाब्ता तैनात है और पुलिस समझाइश में जुटी हुई है।

जानकारी अनुसार परबतसर के पीह निवासी देवकरण जाजड़ा उर्फ फौजी रविवार दोपहर गेगल थाना क्षेत्र के छातड़ी गांव में संदिग्ध हालात में मृतावस्था में मिला। सूचना पर पहुंची गेगल थाना पुलिस ने उसे जवाहरलाल नेहरू अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाया है। देवकरण की मौत की सूचना मिलते ही बड़े भाई निवर्तमान पीह सरपंच अमरचंद जाजड़ा अजमेर पहुंचे। इधर, सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) लालचन्द तायल, उप अधीक्षक (अजमेर ग्रामीण) शमशेर खां, क्रिश्चियन गंज थानाप्रभारी अरविन्द सिंह चारण समेत अन्य पुलिस अधिकारी गेगल थाने पहुंचे।

एफएसएल-एमओबी ने जुटाए साक्ष्य

इधर, परिजन ने देवकरण की हत्या का संदेह जताया। देर शाम को पुलिस की एमओबी और एफएसएल की टीम ने घटनास्थल पर पहुंच कर साक्ष्य जुटाए। अमरचन्द जाजड़ा की रिपोर्ट पर संदिग्ध हालात में मृत्यु का मामला दर्जकर प्रकरण में अनुसंधान शुरू कर दिया।

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो

पत्रिका पड़ताल में आया कि देवकरण जाजड़ा रविवार दोपहर अपेक्षा सोसायटी की तरफ से पैदल दौड़ते हुए आकर छातड़ी गांव में भगवान सिंह के घर में दाखिल हो गया। मकान में जमीन पर लौटते हुए पौधों की सुरक्षा जाली और पत्थर के पीछे स्वयं को छिपाने की कोशिश करता नजर आया। इस घटनाक्रम का लोगों ने मोबाइल में वीडियो बना लिया जो देर शाम तक सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

जुटे लोग, सोशल मीडिया पर संवेदनाएं

देवकरण की मौत की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में अजमेर व परबतसर के जाट समाज के लोग और रिश्तेदार जेएलएनएच में मोर्चरी के बाहर जुट गए। प्रारंभिक पड़ताल में आया कि देवकरण जाट का छातड़ी में फार्म हाउस है। वह आमतौर पर फार्म हाउस पर आता-जाता रहता था। सोशल मीडिया पर नागौर की पूर्व सांसद एवं भाजपा नेत्री ज्योति मिर्धा, परबतसर विधायक रामनिवास गावडि़या ने संवेदना प्रकट करते हुए कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए।

छातड़ी में देवकरण जाजड़ा उर्फ फौजी अचेतावस्था में मिला था। जिसे एम्बुलेंस से अस्पताल ले जाने के दौरान मृत्यु हो गई। परिजन ने संदेह जताया है। एमओबी-एफएसएल टीम ने घटनास्थल का जायजा लिया है। प्रथम दृष्ट्या संदिग्ध हालात में मृत्यु का मामला सामने आया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु के वास्तविक कारणों का खुलासा होगा।
शमशेर खां, उप अधीक्षक (अजमेर ग्रामीण)