
धौलपुर पुलिस की क्यूआरटी टीम की गिरफ्त में बदमाश।
अजमेर/धौलपुर. मनियां थाना इलाके के गांव विरोदा में पुलिस और अपराधी गिरोह में आमना-सामना हो गया। कुछ फायरिंग के बाद अपराध गिरोह के सदस्य पुलिस को देख भाग छूटे, लेकिन पुलिस ने पीछा कर चार बदमाशों को दबोच लिया, जबकि उनका एक साथी फरार होने में कायमाब रहा। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों से दो देशी कट्टे व जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस गिरफ्त में आया बंटू गुर्जर पांच हजार रुपए का इनामी और कंचनपुर थाना इलाके का कुख्यात अपराधी है। उसके साथी तीन अन्य बदमाशों के अपराधिक रिकॉर्ड की पुलिस जानकारी जुटा रही है।
वहीं, घटनास्थल से वायरल एक वीडियो में इनका एक साथी खुद को विधायक का आदमी होने की धौंस देकर पुलिस पर दबाव बनाने की कोशिश कर रहा है।
संदिग्ध गाड़ी रुकने की बजाय भाग छूटी...
पुलिस की क्यूआरटी टीम को जाटौली रोड पर एक जोधपुर के नम्बर की एक संदिग्ध गाड़ी दिखी। इसे रोकने का प्रयास किया तो गाड़ी तेज रफ्तार से आगे निकल गई। क्यूआरटी टीम ने गाड़ी का मनियां थाना इलाके के गांव विरोदा तक पीछा किया।
पुलिस को पीछे आता देख सभी लोग गाड़ी को छोडक़र गांव के घरों में जा छुपे। पुलिस ने ग्रामीणों से सहयोग मांगा। इस पर ग्रामीणों ने चार बदमाशों को पकड़ कर पुलिस के सुर्पुद कर दिया। पुलिस ने इनमें से एक बदमाश की पहचान कंचनपुर थाना इलाके के हिस्ट्रीशीटर और पांच हजार रुपए के इनामी बदमाश गांव अतिराजपुरा निवासी बंटू गुर्जर के रूप में की है। उसके अन्य साथी केशव निवासी गांव लालौनी, सुमित गांव जलालपुरा मनियां, राहुल गांव जोगीपुरा थाना दिहोली है। इनका एक साथी मौके से फरार हो गया। उसकी जानकारी जुटाई जा रही है।
ग्रामीणों के अनुसार पीछा करने के दौरान पुलिस और अपराधी गिरोह के बीच फायरिंग हुई है। हालांकि फायरिंग की घटना को लेकर पुलिस अधिकारियों की ओर से पुष्टि नहीं की गई है।
वीडियो वायरल ...विधायक का आदमी हूं...
जब कार सवार बदमाश पुलिस के हत्थे चढ़े। इसके बाद का घटनास्थल से एक वीडियो वायरल हो रहा था। इसमें ग्रामीणों की ओर से एक गुर्गे केशव को पुलिस को सुर्पुद किया गया।
इस दौरान वह एक विधायक का नाम लेते हुए पुलिसकर्मियों को धमकाता नजर आ रहा है। वह धौंस देते हुए खुद को विधायक का आदमी बता रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद जिले में चर्चाएं जोरशोर से हैं। पुलिस व राजनेताओं के गठजोड़ को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
पंचायत सहायक पर किया था हमला
पुलिस की गिरफ्त में आए अपराधी बंटू गुर्जर व केशव गुर्जर पर गत 27 अप्रेल को कंचनपुर थाना इलाके में एक पंचायत सहायक पर जानलेवा हमले करने का आरोप है। घटना को लेकर दोनों आरोपितों के खिलाफ थाना कंचनपुर में नामजद मामला भी दर्ज है।
पुलिस ने चार महीने पहले 24 जनवरी को बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब फैक्ट्री पर धावा बोलकर देशी व अंग्रेजी शराब बोतलें पकड़ी थी। साथ में नकली शराब बनाने के उपयोग में जाए जाने वाली स्प्रीट भी बरामद की। यह सारा अवैध काम बंटू गुर्जर का बताते हैं। बंटू पर जिले के विभिन्न थाना इलाकों में करीब एक दर्जन से अधिक अपराधिक मामले दर्ज हैं।
जिला पुलिस अधीक्षक, धौलपुर मृदुल कच्छावा के मुताबिक गिरफ्तार बदमाशों से पूछताछ की जा रही है। इनके पास सेे दो देशी कट्टे व जिंदा कारतूस बरामद किए गए है। इससे यह तो तय है कि चारों बदमाश अपराध किस्म के हैं।
Published on:
05 May 2020 12:00 am
बड़ी खबरें
View Allअजमेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
