4 अप्रैल 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

लारेन्स गैंग के दो गुर्गों को पकड़ा, मूसेवाला हत्याकांड को लेकर हो रही पूछताछ

बिश्नोई के भाई जैक ने भेजा था राजाखेड़ा क्षेत्र में - स्थानीय आश्रयदाता बदमाश रामदत्त ठाकुर भी गिरफ्त में, रातदत्त पर करीब 30 मामले दर्ज - दोनों गुर्गों के खिलाफ हत्या आदि के मामले, दोनों 15-15 हजार के इनामी - मूसेवाला हत्याकांड के बारे में भी पुलिस कर रही पूछताछ -    

3 min read
Google source verification

अजमेर

image

Amit Kakra

Jun 03, 2022

Police Arrested

लारेन्स गैंग के दो गुर्गों को पकड़ा, मूसेवाला हत्याकांड को लेकर हो रही पूछताछ

धौलपुर. जिले की दिहौली थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पंजाब गायक सिद्दू मूसेवाला हत्याकांड से चर्चा में आए कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के पटौदी गुडग़ांव निवासी दो गुर्गों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके आश्रयदाता स्थानीय बदमाश रामदत्त बिश्नोई को भी गिरफ्तार किया है। दोनों गुर्गों पर हरियाणा में हत्या समेत अन्य मामले दर्ज हैं। दोनों पर हरियाणा पुलिस की ओर से 15-15 हजार का इनाम भी घोषित है। वहीं, इनका स्थानीय आश्रयदाता रामदत्त ठाकुर भी शातिर बदमाश है। इस पर राजाखेड़ा, धौलपुर, आगरा, जयपुर, चूरू समेत विभिन्न थानों में करीब 30 मामले दर्ज हैं। रातदत्त कुख्यात डकैत शिवदत्त का भाई है। पुलिस इनसे मूसावाला हत्याकांड के बारे में भी पूछताछ कर रही है।

पुलिस अधीक्षक नारायण टोगस ने बताया कि दिहौली थाना प्रभारी बीधाराम अंबेश को ढोंडीकापुरा के एनीकट के पास कुछ संदिग्ध व्यक्ति खड़े हैं। इस पर मनियां सीओ दीपक खंडेलवाल के निर्देशन में पुलिस टीम रवाना की गई। पुलिस ने यहां एक व्यक्ति स्थानीय बदमाश रामदत्त ठाकुर को पहचान लिया। पुलिस ने वहां मौजूद तीनों बदमाशों को पकडऩे का प्रयास किया तो तीनों अलग-अलग दिशाओं में भागने लगे। इस पर कांस्टेबल पातिराम ने रामदत्त को दबोच लिया। वहीं, कांस्टेबल योगेन्द्र कुमार व मनोज ने दोनों अन्य बदमाशों को पकड़ लिया। पूछताछ में दोनों बदमाशों ने अपना नाम खोड़ थाना पटौदी गुरुग्राम हरियाणा निवासी दिनेश उर्फ गंगाराम (20) व गोरियावास थाना पटौदी गुरुग्राम हरियाणा निवासी संदीप अहीर (20) बताया। दोनों बदमाशों से एक-एक देशी कट्टा 315 बोर तथा चार कारतूस बरामद किए गए हैं। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे लॉरेंस बिश्नोई और संदीप उर्फ काला जटेरी गैंग के सक्रिय सदस्य हैं। ये लोग यहां लूट व फरारी काटने के उद्देश्य से आए थे। दोनों के खिलाफ पटौदी थाने में हत्या व आम्र्स एक्ट के मामले दर्ज हैं। दोनों पर हरियाणा पुलिस की ओर से 15-15 हजार का इनाम भी घोषित है। वहीं, बसई घीयाराम, राजाखेड़ा निवासी रामदत्त ठाकुर (34) पर हत्या, लूट, आम्र्स एक्ट आदि के 30 मामले दर्ज हैं।

जैक ने भेजा था राजाखेड़ा

दोनों बदमाशों को लॉरेंस के भाई अनमोल बिश्नोई उर्फ जैक ने राजाखेड़ा क्षेत्र में भेजा था। रामदत्त के भाई दस्यु शिवदत्त से लॉरेंस गैंग के संबंध थे। शिवदत्त की 2015 में एक सडक़ दुर्घटना में मौत हो गई थी।

राजस्थान का काम छोटे को देना चाहता था लॉरेंस

करीब सात साल पहले लॉरेंस ने अपने भाई को भी अपराध की दुनिया में उतार दिया था। बड़े भाई का टशन देखकर छोटा भाई अनमोल अपराध की दुनिया में पैर रख चुका था। करीब छह साल पहले जोधपुर में एक डॉक्टर और ट्रैवल्स कारोबारी से एक एक करोड़ रुपए रंगदारी मांगने के मामले में लॉरेंस पर केस दर्ज किया गया था। रंगदारी नहीं देने पर लॉरेंस ने दोनो के घरों के बाहर फायरिंग की थीं। बाद में जांच में पता चला था कि फायरिंग की जिम्मेदारी छोटे भाई अनमोल को दी गई थी। अनमोल ने अपने दो साथियों के साथ यह घटना कारित की थी। पुलिस उसे गिरफ्तार कर जेल पहुंचा दिया गया। बाद में जब जमानत मिली तो वह पंजाब चला गया।

007 गैंग के कई बदमाश राजस्थान से पकड़े गए, जोधपुर गढ़

#lawrencebishnoi लॉरेंस और उसकी टीम से ताल्लुक रखने वाली कई गैंग देश के कई राज्यों में सक्रिय है। इनमें सोपू गैंग और 007 गैंग प्रमुख है। 007 गैंग के नाम से कुछ बदमाशों ने जोधपुर में इसका गठन किया और उसके कई बाद पंजाब से भी काम करते हैं। जोधपुर के अलावा जयपुर और कई शहरों में गैंग के खिलाफ कई केस दर्ज हैं। दो साल के दौरान महाराष्ट्र समेत कई अन्य राज्यों में गैंग के बदमाशों ने वारदात की हैं और पकड़े गए हैं। ये बदमाश लॉरेंस को अपना आदर्श मानते हैं।

सेवर जेल में बना शिवदत्त से संबंध

करीब आठ साल पहले आनंदपाल के माध्यम से सेवर जेल में लेडी डॉन अनुराधा की मुलाकात धौलपुर के डकैत शिवदत्त से हुई थी। दिसंबर 2014 में सेवर जेल में बंद धौलपुर के डकैत शिवदत्त ने जमानत पर बाहर आने के बाद लेडी डॉन से मुलाकात की थी। उस समय सुजानगढ़ के व्यापारी बद्रीनारायण मोदी के अपहरण षड्यंत्र रचा गया था। 14-15 जनवरी 2015 को ये लोग उसके अपहरण के लिए गए। नेछवा के पास पीछे की गाड़ी में शिवदत्त व्यापारी का पीछा कर रहा था। इस दौरान व्यापार की गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई। पीछे चल रही शिवदत्त की सफारी भी अनियंत्रित हो गई और पेड़ से भिड़ गई। इस हादसे में शिवदत्त मारा गया था।

कुछ दिन पहले ही जेल से आया था रामदत्त

पुलिस के अनुसार रामदत्त कुछ दिन पहले ही जेल से जमानत पर बाहर आया बताया। लॉरेंस गैंग से संबंध होने के कारण गैंग के दो गुर्गे यहां राजाखेड़ा क्षेत्र में आ गए। रामदत्त ने दोनों को पनाह दी। यहां ये किसी वारदात की फिराक में घूम रहे थे।

लॉरेंस बिश्नोई गैंग के दो गुर्गों व स्थानीय अपराधी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस इनसे मूसावाला हत्याकांड समेत अन्य मामलों में पूछताछ कर रही है।

- नारायण टोगस, पुलिस अधीक्षक, धौलपुर