
Film Shooting : अजमेर में बाइक पर सवार अभिनेता कमल हासन के पीछे दौड़ी पुलिस
अजमेर. शहर की खजाना गली में सोमवार को फिल्म अभिनेता कमल हासन (kamal hasan) एक मोटर साइकिल पर पीछे की तरफ बैठे जा रहे थे कि अचानक ‘भागो-भागो... ’ की आवाज आई। इतने में कई पुलिसकर्मी मोटर साइकिल के पीछे भागते हुए नजर आए। इन पुलिसकर्मियों को आम लोगों ने रोकने की भी पूरी कोशिश की लेकिन वे लोगों को साइड में मोटर साइकिल का पीछा करते रहे। यह दृश्य आने वाली फिल्म ‘इंडियन-२’ (तमिल फिल्म हिन्दुस्तानी के सिक्वल) के लिए फिल्माया गया है। कमल हासन की जगह मोटर साइकिल पर उनकी डमी को बैठाया गया। एक व्यक्ति को चेहरे पर मास्क लगाकर कमल हासन बनाया गया था। इस दौरान खजाना गली में एक नेता के ६२वें जन्मदिन के पोस्टर भी लगाए गए।
कमल हासन को देखने उमड़े लोग
फिल्म की शूटिंग के लिए निर्देशक एस शंकर पूरी यूनिट के साथ यहां आए हुए हैं। सोमवार सुबह खजाना गली में जब एक मोटर साइकिल के पीछे पुलिसकर्मियों को दौड़ते हुए देखा गया तो कई लोग ठिठक कर वहीं रुक गए। एक पल उन्हें समझ में नहीं आया कि आखिर इतने सारे पुलिसकर्मी किसके पीछे भाग रहे हैं। शूटिंग के दौरान इस दृश्य के कई रीटेक हुए। इस दौरान लोगों ने घरों की छतों पर चढक़र शूटिंग देखी। हालांकि लोगों को उम्मीद थी कि कमल हासन खुद आएंगे लेकिन उनकी जगह डमी के साथ दृश्य फिल्माया गया। बताया जा रहा है कि कमल हासन अजमेर के आस-पास किसी होटल में ठहरे हुए हैं। हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई है। यह भी बताया जा रहा है कि कमल हासन के साथ किशनगढ़ में शूटिंग की जा सकती है।
Published on:
05 Nov 2019 02:10 am

बड़ी खबरें
View Allअजमेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
