8 अप्रैल 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Pushkar Fair 2019 : पुष्कर आए तो कपड़े का थैला साथ लाएं

प्लास्टिक मुक्त होगा पुष्कर मेला बैठक : तैयारियों में जुटा जिला प्रशासन    

2 min read
Google source verification
Pushkar Fair: प्लास्टिक मुक्त होगा पुष्कर मेला

Pushkar Fair: प्लास्टिक मुक्त होगा पुष्कर मेला

अजमेर (पुष्कर ). अन्तरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त पुष्कर मेला प्लास्टिक मुक्त होगा। अजमेर जिला प्रशासन इसकी तैयारियों में जुट गया है। इसके लिए स्वयंसेवी संस्थाओं, निर्यातकों, व्यापारियों व दुकानदारों से मेले के दौरान प्लास्टिक काम नहीं लेने का अनुरोध कर सहयोग लिया जाएगा।
पुष्कर उपखंड कार्यालय पर मंगलवार को मेले की व्यवस्थाओं को लेकर बैठक में मेला मजिस्ट्रेट देविका तोमर ने कहा कि मेले के दौरान प्लास्टिक काम लेने वालों के खिलाफ सख्ती बरती जाएगी। बैठक में पर्यटन विभाग के सहायक पर्यटन अधिकारी प्रद्युम्न सिंह को मेला मैदान के लिए आरक्षित 513 बीघा जमीन पर मेले की व्यवस्था करने पर चर्चा की गई। इस दौरान बताया गया कि पशुओं के बैठने पेयजल व बिजली की व्यवस्थाएं कम समय में संभव नहीं है। आगामी मेले में प्रयास रहेगा कि मेला आरक्षित जमीन पर ही लगे। नगर पालिका को मेले के दौरान सरोवर के घाट पर रोशनी, सफाई आदि की पर्याप्त व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए। पशुपालन विभाग को पशुओं के लिए पेयजल, रोशनी की व्यवस्थाएं करने, पुलिस को यातायात व्यवस्था और वाहन पार्किंग के लिए स्थान चिह्नित करने और मेले के दौरान पुलिस की हेल्प डेस्क लगाने पर चर्चा की गई। पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक अजय अरोरा ने भी जानकारी दी। मेले में कस्बे व मेला क्षेत्र में पशुओं, पशुपालकों एवं कस्बे में 24 घंटे पेयजल आपूर्ति के निर्देश दिए। प्रशिक्षु आईएएस एवं सहायक मेला मजिस्ट्रेट नित्या के. के जानकारी चाहने पर डॉ. राजकुमार गुप्ता ने 8 डिस्पेंसरियां लगाने की बात कही। सरोवर के घाटों पर 15 गोताखोर व सिविल डिफेंस टीम लगाने के निर्देश दिए। मेले की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के लिए जिला कलक्टर विश्वमोहन शर्मा 19 अक्टूबर को पुष्कर में बैठक लेंगे।

प्लास्टिक मुक्त पर पत्रिका बना प्रेरणा

राजस्थान पत्रिका की ओर से वन टाइम यूज प्लास्टिक को बंद करने की मुहिम के तहत शृंखलाबद्ध समाचारों का प्रकाशन किया गया। राजस्थान पत्रिका ने 26 अक्टूबर के अंक में ‘पुष्कर मेला और ख्वाजा साहब के उर्स से देना चाहिए देश-दुनिया को संदेश’ शीर्षक से समाचार प्रकाशित किया। इसमें बताया कि अजमेर में विश्व प्रसिद्ध पुष्कर मेला और ख्वाजा गरीब नवाज के सालाना उर्स से देश और विदेश से बड़ी संख्या में सैलानी, श्रद्धालु और जायरीन यहां आते हैं। ऐसे में जिला प्रशासन पुष्कर मेले को प्लास्टिक मुक्त कर देश-दुनिया में संदेश दे सकता है। जिला प्रशासन ने मंगलवार को पुष्कर मेले को प्लास्टिक मुक्त करने की घोषणा की।

पुष्कर मेला प्लास्टिक मुक्त होगा। इसके लिए बह्मा मंदिर के आस-पास के दुकानदारों व प्रसाद विक्रेताओं को प्लास्टिक उपयोग नहीं करने के लिए पाबंद कर दिया गया है। मेले के दौरान प्लास्टिक उपयोग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

- देविका तोमर, एसडीएम व मेला मजिस्ट्रेट पुष्कर

मेला कार्यक्रम

तय कार्यक्रम के अनुसार 28 अक्टूबर झंडा चौकी शुरू, 4 नवम्बर को मेला मैदान में झंडारोहण व सफेद चि_ी काटनी शुरू, 5 नवम्बर को पशुओं की मेला मैदान से रवानगी को हरी झंडी, 4 से 11 नवम्बर तक मेला मैदान में सांस्कृतिक कार्यक्रम, 8 नवम्बर को गीर व शंकर नस्ल पशु प्रदर्शनी का उद्घाटन, 8 से 11 नवम्बर तक पशु प्रतियोगिताएं, 12 नवम्बर को मेले का समापन व पारितोषिक वितरण समारोह।

8 से 12 नवम्बर तक कार्तिक पंचतीर्थ महास्नान : पुष्कर का धार्मिक मेला 8 नवम्बर कार्तिक मास की शुक्ला एकादशी तिथि के पहले स्नान के साथ शुरू होगा। यह पंचतीर्थ महास्नान पांच दिनों तक चलेगा। कार्तिक पूर्णिमा तिथि को आखिरी पंचतीर्थ महास्नान होगा।