अजमेर. दिनभर से उमड़ते-घुमड़ते बादलों ने रविवार रात शहर को भिगोया। शहर के कई इलाकों में तेज हवा संग झमाझम बरसात हुई। सड़कों पर पानी बह निकला। बरसात से मौसम में हल्की ठंडक हो गई। सुबह से शाम तक बादलों की टुकडि़यां मंडराई। रामगंज-जौंसगंज में बौछारें गिरी। धूप-छांव का दौर भी चला।
देर शाम करीब 7.30 बजे सिविल लाइंस, पुलिस लाइन, वैशाली नगर, आनासागर लिंक रोड, नया बाजार, पुरानी मंडी, देहली गेट सहित अन्य इलाकों में तेज हवा संग बरसात हुई। कई जगह सड़कों पर पानी बहता नजर आया। अचानक हुई बरसात से लोगों को दुकानों-मकानों के छज्जों और पेड़ों के नीचे रुकना पड़ा। करीब 15 से 20 मिनट तक बरसात का दौर चला। हवा चलने से मौसम में हल्का ठंडापन महसूस हुआ। शहर के कई इलाकों में बादल छाए रहे।
यूं बदला है मौसम
राज्य में पिछले दो-तीन दिन से पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है। इसके चलते जयपुर, अजमेर सहित कई जिलों में बरसात का दौर जारी है। कई इलाकों में तो ओेले गिरे हैं। कई जगह घनघोर बादलों और सूरज में लुकाछिपी का दौर जारी है। अधिकतम तापमान 31.2 और न्यूनतम 17.3 डिग्री सेल्सियस रहा। 2019 और 2020 में मार्च माह में भी यही हाल था। अजमेर सहित जिले में तेज बरसात और ओला वृष्टि का दौर चला था।