
राजगढ़ में अस्थाई पुलिस चौकी के सामने दुर्घटनाग्रस्त बस। इनसेट में मृतक कमलेश व भंवरलाल।,राजगढ़ में अस्थाई पुलिस चौकी के सामने दुर्घटनाग्रस्त बस। इनसेट में मृतक कमलेश व भंवरलाल।,राजगढ़ में अस्थाई पुलिस चौकी के सामने दुर्घटनाग्रस्त बस। इनसेट में मृतक कमलेश व भंवरलाल।
अजमेर. समीपवर्ती ग्राम राजगढ़ में सोमवार शाम ढलान से लुढ़की श्रद्धालुओं से भरी बस के ब्रेक फेल हो गए। अनियंत्रित बस सड़क के किनारे बैठे लोगों को कुचलते हुए यहां बनी अस्थायी पुलिस चौकी में घुस गई। हादसे में राजगढ़ भैरवधाम दर्शन करने आए दिल्ली के बुजुर्ग समेत 3 जनों की मौत हो गई, जबकि जिला पुलिस के जवान समेत 3 जने जख्मी हो गए। घायलों को जेएलएन अस्पताल में भर्ती कराया, जबकि शव को मोर्चरी में रखवाया। नसीराबाद सदर थाना पुलिस मामले की पड़ताल में जुटी है।
पुलिस के अनुसार शाम करीब 4 बजे राजगढ़ भैरवधाम से श्रद्धालुओं को लेकर लौट रही हरियाणा से आई बस तकनीकी खराबी के चलते स्टार्ट नहीं हो पा रही थी। श्रद्धालुओं ने बस को स्टार्ट करने के लिए धक्का लगाया। ढलान पर लुढ़की बस के ब्रेक फेल हो गए। अनियंत्रित बस सड़क किनारे बैठे लोगों को कुचलते हुए अस्थायी पुलिस चौकी में घुस गई। दुर्घटना में राजगढ़ खटीक मोहल्ला निवासी कमलेश कुमार उर्फ कमल (35) पुत्र मांगीलाल, टोंक के टोडारायसिंह खरेड़ा लक्ष्मीपुरा ढाणी निवासी भंवरलाल (42) पुत्र सुन्दर, दिल्ली नॉर्थ-वेस्ट बुध विहार निवासी जगदीशचन्द शर्मा (70) पुत्र नारायण शर्मा बस की चपेट में आ गए। तीनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि अलवर रेनी निवासी निशा (25) पत्नी रामअवतार मीणा व पाली डिगाना निवासी लालसिंह (65) गम्भीर रूप से घायल हो गए। ड्यूटी पर आए हैडकांस्टेबल मोहनलाल के मामूली चोट आई। घायलों को भैरवधाम की एम्बुलेन्स से अजमेर के जवाहरलाल नेहरू अस्पताल पहुंचाया गया, जहां कमलेश, भंवरलाल व जगदीशचन्द शर्मा को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। मंगलवार सुबह परिजन के अजमेर पहुंचने पर पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।
टंकी से टकराने के बाद रूकी
प्रत्यशदर्शी रामअवतार मीणा ने बताया कि वह परिवार के साथ राजगढ़ धाम दर्शन करने आया था। इस दौरान वह पत्नी निशा देवी के साथ चौकी के सामने बैठ गया। पत्नी बेटे को दूध पिला रही थी। बस ने ज्योहि 2-3 जनों को कुचला वह उठकर दौड़ पड़ा। हालांकि पत्नी निशा उठ नहीं सकी। उसके पैर में गम्भीर चोट आई जबकि नवजात बेटा सुरक्षित है। गनीमत रही कि टंकी से टकराने के बाद बस रूक गई।
मच गया कोहराम
हादसे की सूचना पर न केवल राजगढ़ पुलिस चौकी के सामने बल्कि जेएलएन अस्पताल की आपातकालीन इकाई में कोहराम मच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तीन जनों के बस से कुचलने से चौकी के सामने सड़क खून से लथपथ हो गई। जिसने भी यह दृश्य देखा उसके मुंह से चीख निकल गई। बस के नीचे फंसे लोगों को निकालकर एम्बुलेन्स से अस्पताल पहुंचाया। एएसपी महमूद खान व कोतवाली थानाधिकारी वीरेन्द्र सिंह शेखावत ने अस्पताल में घायल और उनके परिजन की कुशलक्षेम पूछी।
इनका कहना है...
राजगढ़ में अस्थाई पुलिस चौकी के सामने बस के ब्रेक फेल होने से हादसा पेश आया। तीन जनों की मौत हो गई है जबकि हैडकांस्टेबल समेत तीन के चोट आई है। घायलों का इलाज किया जा रहा है। नसीराबाद सदर थाना पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
महमूद खान, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक(शहर)
Published on:
26 Dec 2023 08:07 am
