
MP PSC
रक्तिम तिवारी/अजमेर
राजस्थान लोक सेवा आयोग में आरएएस और अन्य भर्तियों के साक्षात्कार देने आने वाले अभ्यर्थियों को जल्द अच्छी सुविधाएं मिलेंगी। आयोग परिसर में एक या दो कक्ष तैयार किए जाएंगे। इनमें अभ्यर्थियों के बैठने के लिए कुर्सियां-सोफे और पत्र-पत्रिकाओं के इंतजाम किए जाएंगे।
आयोग आरएएस एवं अधीनस्थ सेवा भर्ती परीक्षा सहित कॉलेज लेक्चरर, स्कूल व्याख्याता भर्ती परीक्षा, कृषि, कारागार, कनिष्ठ लेखाकार और अन्य भर्ती परीक्षाओं का आयोजन करता है। यह भर्तियां कार्मिक विभाग, संबंधित विभाग और सरकार से अभ्यर्थना, पदों का वर्गीकरण मिलने के बाद कराई जाती हैं। विभिन्न परीक्षा में उत्तीर्ण होने वाले प्रदेश के अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए अजमेर में आयोग कार्यालय में बुलाया जाता है।
बैठते हैं पेड़ों के नीचे-कैंटीन में
आरएएस, कॉलेज व्याख्याता और अन्य भर्तियों के साक्षात्कार के लिए आने वाले अभ्यर्थियों के लिए मौजूदा वक्त खास इंतजाम नहीं है। प्रदेश भर से आने वाले अभ्यर्थी आयोग परिसर या इसके आसपास पेड़ों के नीचे अथवा कैंटीन में बैठकर अपनी बारी का इंतजार करते हैं। यहीं बैठकर कई अभ्यर्थी आपस में साक्षात्कार पर चर्चा या पढ़ते रहते हैं। खासतौर तेज सर्दी, भीषण गर्मी और बरसात के दौरान उन्हें परेशानी होती है। इसको लेकर अध्यक्ष दीपक उप्रेती काफी गंभीर हैं।
तैयार कराए जाएंगे दो कक्ष
आयोग भविष्य में साक्षात्कार देने आने वाले अभ्यर्थियों को अच्छी सुविधाएं मुहैया कराएगा। इसके तहत अभ्यर्थियों के लिए दो हॉलनुमा कक्ष चिन्हित किए गए हैं। आयोग सार्वजनिक निर्माण विभाग से इन कक्षों को तैयार कराएगा। इनमें अभ्यर्थियों के बैठने के लिए कुर्सियां-टेबल, सोफे लगाए जाएंगे। साथ ही पत्र-पत्रिकाएं रखवाई जाएंगी। आयोग की टी-कॉफी मेकर मशीन लगाने की योजना भी है।
यह है आयोग का मकसद...
-आरएएस और अन्य भर्तियों के अभ्यर्थियों को मिले अच्छी सुविधाएं
-अफसर, शिक्षक या अन्य नौकरी में जाने से पहले मिले अच्छा अनुभव-इधर-उधर घूमने
-रुकने के बजाय बैठें एकसाथ
-आयोग की छवि पूरे देश में बने बेहतर
-अभ्यर्थियों को आयोग को जानने और समझने का मिले मौका
अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए अच्छी सुविधाएं मिलें इसके प्रयास किए जा रहे हैं। योजना पर जल्द कामकाज शुरू होगा।
दीपक उप्रेती, अध्यक्ष राजस्थान लोक सेवा आयोग
Published on:
6 Jul 2019, 6:32 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.