
अभिनेता अनिल कपूर की थार फिल्म में दिखेगा राजगढ़ की पहाडिय़ों का मनोरम दृश्य
ajmer अजमेर. पर्यटन की दृष्टि से फिल्म शूटिंग के लिए अजमेर जिला अपना खास स्थान रखता है। पुष्कर सरोवर हो या जगत पिता ब्रह्मा मंदिर। रेत के टीलों पर कैमल सफारी से लेकर किशनगढ़ स्थित मार्बल क्षेत्र का डम्पिंग यार्ड। अजमेर में ख्वाजा की दरगाह से लेकर अरावली पहाडिय़ों का विहंगम नजारा। फिल्म निर्माता ऐसी जगह को फिल्मांकन करना नहीं भूलते। इसी कड़ी में बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता अनिल कपूर की थार मूवी फिल्म के लिए जिले के ऐतिहासिक ग्राम राजगढ़ किले के पीछे पहाडिय़ों के बीच शनिवार को अभिनेता अनिल कपूर ने अपनी टीम के साथ विभिन्न दृश्यों की शूटिंग की।
अनिल कपूर की झलक पाने उमड़े
विख्यात श्री मसाणिया भैरवधाम राजगढ़ की अरावली पर्वतमाला का दृश्य अब फिल्मी पर्दे पर नजर आएगा। राजस्थान के विभिन्न जिलों से थार फिल्म के अभिनेता अनिल कपूर ने विभिन्न दृश्यों को शूट कर रहे हैं। इसमें एक टैक्सी की ड्राइव करते हुए, पुलिस वर्दी पहने हुए दृश्य को शूट किया गया। मसाणिया भैरवधाम राजगढ़ में अभिनेता अनिल कपूर की थार फिल्म की शूटिंग की जानकारी राजगढ़ सहित आसपास क्षेत्र के गांवों के युवाओं तक पहुच गई।
फिल्म अभिनेता अनिल कपूर की झलक पाने के लिए बड़ी संख्या में लोग राजगढ़ मुख्य मार्ग से करीब एक किलोमीटर दूर पहाड़ी के पीछे पहुच गए। ग्रामीणों ने अभिनेता कपूर की थार फिल्म की शांतिपूर्वक शूटिंग देखी, लेकिन धीरे-धीरे ग्रामीणों की काफी भीड़ एकत्रित हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से सुरक्षा कर्मियों ने भीड़ को शूटिंग स्थल से दूर कर दिया।
सुरक्षा की रही व्यापक व्यवस्था
अनिल कपूर की झलक पाने के लिए राजगढ़ के अलावा चैनपुरा, नयागांव, ककलाना, बिठूर, भवानीखेड़ा, नाहरपुरा, मायापुर, पचमता, सरदारपुरा, चाट सहित ग्रामीण क्षेत्रों के युवा फिल्म की शूटिंग देखने उमड़े। युवाओं में अनिल कपूर के साथ फोटो सेल्फी लेने की होड़ रही लेकिन सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें नजदीक नहीं जाने दिया, जिससे युवाओं में मायूसी देखी गई।
मीडिया के प्रवेश पर रोक
राजगढ़ में थार फिल्म की शूटिंग का कवरेज करने गए मीडिया कर्मियों को सुरक्षा कर्मियों ने रोक दिया गया। प्रिंट मीडिया के कर्मियों ने दूर से ही अभिनेता अनिल कपूर की शूटिंग करते हुए की फोटो कवरेज किए।
सुनीता कपूर ने टेका मत्था
पुष्कर. फिल्म अभिनेता अनिल कपूर की धर्मपत्नी सुनीता कपूर ने शनिवार का दिन धार्मिक पूजा-दर्शन में बिताते हुए उनके पति की फिल्म थार की सफलता की कामना की। अपने सहयोगियों के साथ सर्वप्रथम सुनीता कपूर ने गुरुद्वारे में मत्था टेक कर अरदास की। इसके बाद मंत्रोच्चार के साथ पुष्कर सरोवर का पूजन किया। शाम को ब्रह्मा घाट पर महाआरती में शामिल होकर अनिल कपूर की ओर से बनाई थार फिल्म की कामयाबी की कामना की। इस दौरान अनन्ता रेसॉर्ट के महाप्रबंधक विवेक चुग भी मौजूद रहे। गौरतलब है कि अभिनेता अनिल कपूर गत कई दिनों से पुत्र हर्षवर्धन कपूर के साथ थार फिल्म की शूटिंग के सिलसिले में रिसॉर्ट में ठहरे हुए हंै।
Published on:
24 Jan 2021 12:54 am
बड़ी खबरें
View Allअजमेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
