
student union election
अजमेर.
कॉलेज और महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय में शुक्रवार को अंतिम मतदाता सूची जारी हुई। कमेटियों ने विद्यार्थियों की आपत्तियों का निस्तारण किया। इस बार 15 हजार से ज्यादा विद्यार्थी 31 अगस्त को अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महासचिव और संयुक्त सचिव पद के लिए मतदान करेंगे। शनिवार को छात्रसंघ चुनाव के लिए प्रत्याशी नामांकन भरेंगे।
सम्राट पृथ्वीराज चौहान राजकीय महाविद्यालय, राजकीय कन्या महाविद्यालय, दयानंद कॉलेज, संस्कृत कॉलेज, श्रमजीवी कॉलेज, महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय और जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में 31 अगस्त को छात्रसंघ चुनाव होंगे। शुक्रवार को विद्यार्थियों ने मतदाता सूचियों पर आपत्तियां दीं। चुनाव समिति और प्रॉक्टर बोर्ड ने इनका निस्तारण किया। इसके बाद अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया। सूची में शामिल अधिकृत मतदाता ही 31 अगस्त को चुनाव में मतदान करेंगे।
आज ढोल-ढमाकों के साथ नामांकन
प्रत्याशी शनिवार को ढोल-ढमाकों पर नाचते-गाते हुए कॉलेज और महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय में नामांकन भरेंगे। यह सिलसिला सुबह 10 से दोपहर 3 बजे तक चलेगा। इसी दिन शाम 5 बजे तक प्रत्याशियों के नामांकन पत्र की जांच और आपत्तियां ली जाएंगी। प्रत्याशियों और उनके समर्थकों के लिए संस्थान परिसरों में नारेबाजी और प्रदर्शन पर रोक रहेगी। इसको लेकर जिला प्रशासन ने सभी संस्थाओं, अशुशासन समितियों, पुलिस प्रशासन को निर्देश दिए हैं। विद्यार्थियों और प्रत्याशियों को जे. एम. लिंगदोह समिति के चुनाव नियम बताए गए हैं।
यह होंगे आगे के कार्यक्रम
प्रत्याशियों के नामांकन पत्र की जांच और आपत्तियां के निस्तारण के बाद 27 अगस्त को सुबह 10 बजे वैध नामांकन सूची जारी होगी। इसी दिन सुबह 11 से दोपहर 2 बजे तक प्रत्याशी वापस नाम ले सकेंगे। अंतिम नामांकन सूची दोपहर 2 से शाम 5 बजे जारी होगी।
जांच के बाद संस्थानों में प्रवेश
सभी कॉलेज और विश्वविद्यालय में आचार संहिता लागू हो गई है। समिति सदस्यों ने मुख्य द्वार पर विद्यार्थियों के परिचय पत्र अथवा फीस रसीद देखना प्रारंभ कर दिया है। चुनाव तक सभी संस्थाओं में रैली निकालने, पोस्टर चिपकाने, पेम्पलेट बांटने पर रोक रहेगी। बाहरी व्यक्ति संस्थाओं में प्रवेश नहीं ले सकेंगे। नियमित विद्यार्थियों को सत्र 2018-19 का परिचय पत्र अथवा फीस की चालान कॉपी रखनी होगी।
Published on:
25 Aug 2018, 3:10 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.