
सेना ने रेस्क्यू ऑपरेशन की स्थिति का खाका भी बनाया
Weather Update: अजमेर. घनघोर घटाएं रविवार शाम ताबड़तोड़ बरसीं। करीब पौन घंटे की बरसात से सड़काें, नालों और चौराहों पर तेज रफ्तार से पानी उफन पड़ा। हर तरफ पानी ही पानी नजर आया। इससे जनजीवन पर खासा असर पड़ा। फॉयसागर झील की चादर चलने के साथ पानी का रिसाव जारी है। ऐसे में पिछले कई दिनों से रूक-रूककर लगातार हो रही बारिश व कई क्षेत्रों में जलभराव के कारण बने हालात को देखते हुए जिला प्रशासन ने सेना को बुला लिया है। आर्मी केंटोन्मेंट की टीम शाम तकरीबन चार बजे यहां पहुंची और शहर में जलभराव वाले इलाकों का दौरा किया। बाढ़ जैसे हालात पर रेस्क्यू ऑपरेशन का खाका तैयार किया। शहर में शाम छह बजे तक 32 मिलीमीटर बरसात दर्ज की गई।
सड़कों पर उफन पड़ा पानी
दोपहर बाद हुई बारिश से सावित्री चौराहा, आनासागर-गौरव पथ, रोडवेज बस स्टैंड, शास्त्री नगर, फायसागर-कोटड़ा, पंचशील, एलआईसी कॉलोनी, दरगाह बाजार, नला बाजार, मदार गेट, रामगंज, सम्राट अशोक उद्यान-जयपुर रोड और अन्य क्षेत्रों में पानी पूरे वेग से सड़कों पर उफन पड़ा।
यहां बन गए तरणताल
ऋषि घाटी, बाबूगढ़ से उफनते पानी ने गंज सर्कल और सुभाष उद्यान के सामने तालाब बना दिया। तारागढ़ पहाड़ी क्षेत्र से जबरदस्त पानी उफना।श्रीनगर रोड, प्रकाश रोड नगरा, सुनहरी कॉलोनी, नोनकरण का हत्था, बिहारी गंज, पुरानी मंडी-नया बाजार में भी यही हाल दिखा। मेडिकल कॉलेज पर तरणताल बन गए। जयपुर रोड पर कांकरदा भूणाबाय, घूघरा घाटी और आसपास के इलाकों में पहाड़ी से बहता पानी सड़क पर भर गया।
सेना ने लिया जायजा
एडीएम सिटी गजेंद्र सिंह राठौड़ के साथ आर्मी केन्टोन्मेंट के मेजर राजेश यादव की अगुवाई में सेना शहर में निकली। सेना ने ब्र्ह्मपुरी-जयपुर रोड, बजरंगगढ़, आनासागर-गौरव पथ, रीजनल कॉलेज चौपाटी-पुष्कर रोड, बांडी नदी, फायसागर झील क्षेत्र और खानपुरा तालाब इलाके का दौरा किया। सेना ने बाढ़ के हालात बनने पर चलाए जाने वाले रेस्क्यू ऑपरेशन की स्थिति का खाका भी बनाया।
Published on:
09 Sept 2024 01:46 am
बड़ी खबरें
View Allअजमेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
