
अजमेर. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की बुधवार को अजमेर की कायड़ विश्राम स्थली में आयोजित होने वाली सभा को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे भी सकि्रय हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने मंगलवार शाम को कायड़ विश्राम स्थली पहुंच व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान अजमेर दक्षिण विधायक अनिता भदेल, अजमेर उत्तर विधायक वासुदेव देवनानी, पूर्व देहात भाजपा अध्यक्ष डॉ. बी पी सारस्वत, पूर्व सभापति सुरेन्द्र सिंह शेखावत, पूर्व एडीए चेयरमैन शिवशंकर हेड़ा, मदस विवि छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष मोहित जैन, जितेन्द्र रंगवानी, श्रवण व्यास सहित अन्य मौजूद रहे।
यह नेता जुटे हैं तैयारी में
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सी. पी. जोशी, प्रदेश संगठन मंत्री चन्द्रशेखर पिछले दिनों से अजमेर व संभाग में सभाएं, बैठकों के माध्यम से सभा के लिए आमंत्रण दे रहे हैं। भाजपा प्रदेश प्रभारी व राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह अजमेर एवं नागौर का दौरा कर दिल्ली रवाना हो गए।
अजमेर में सभा, पुष्कर में ब्रह्मा मंदिर दर्शन
कायड़ विश्राम स्थली में प्रधानमंत्री मोदी की दोपहर में सभा होगी। इससे पूर्व पुष्कर में ब्रह्मा मंदिर में दर्शन करने का कार्यक्रम लगभग तय हो गया है। दोनों जगह हेलीपेड तैयार हो गया है।
सभा स्थल पर तीन डोम तैयार
सभा स्थल पर तीन डोम बनाए गए हैं। करीब 4.25 लाख स्क्वायर फीट में डोम तैयार किए जा रहे हैं। सभा स्थल पर करीब 31 एलईडी लगाई जाएंगी।