अजमेर. अजमेर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें दो युवतियां और आसपास के लोग एक युवक की धुनाई करते हुए दिख रहे हैं। मामला पुलिस तक पहुंचा तो पता चला कि एक युवक ईयर फोन कान में लगा कर गुनगुना रहा था कि युवतियों ने उसकी पिटाई करना शुरू कर दिया। उन्हें देख कर आस-पास के अन्य लोग भी युवक की पिटाई करने लगे। बाद में पार्षद व अन्य लोग मौके पर पहुंचे और पता चला कि युवक कान में ईयर फोन लगाकर गुनगुना रहा था और युवतियों ने गलत फहमी में पिटाई कर दी। बाद में आपसी समझाइश के बाद मामला शांत हो गया।
अजमेर की गाड़ी देख कर लगाया अनुमान
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ यह वीडियो पुलिस तक पहुंचा। इसमें एक गाड़ी पर अजमेर की नम्बर प्लेट दिखाई दे रही है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो अजय नगर का है। वीडियो में कुछ लोग पुलिस को बुलाने की भी बात कहते नजर आ रहे हैं। मामले में एसपी विकास शर्मा ने पड़ताल के निर्देश दिए। हालांकि पीडि़त की ओर से कोई शिकायत नहीं दी गई।
गलत फहमी में कर दी पिटाई
वीडियो की जांच में सामने आया कि युवक की पिटाई गलत फहमी में कर दी गई। रामगंज थाना प्रभारी सतेन्द्रसिंह नेगी के अनुसार जांच में पता चला कि युवक कान में ईयर फोन लगाकर गाना गुनगुना रहा था और युवतियों को गलत फहमी हो गई। उन्हेांने पिटाई शुरू कर दी तो अन्य लोग भी आ गए। उन्होंने भी युवक को पीटना शुरू कर दिया।