2 अप्रैल 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

जहां पहुंचेगा अग्निशमन वाहन, वहां लगेगी पटाखे की दुकान

विवाद का पटाक्षेप : व्यापारियों ने डीसी व जिला कलक्टर को बताई समस्या, अग्निशमन विभाग को दिया सर्वे का जिम्मा, दमकल के साथ पहुंचा प्रतिनिधि मंडल

2 min read
Google source verification

अजमेर

image

Manish Singh

Oct 18, 2022

जहां पहुंचेगा अग्निशमन वाहन, वहां लगेगी पटाखे की दुकान

जहां पहुंचेगा अग्निशमन वाहन, वहां लगेगी पटाखे की दुकान

अजमेर. दिवाली पर शहर में लगाए जाने वाली पटाखे की दुकानों के अस्थायी लाइसेंस को लेकर चले आ रहे विवाद का सोमवार को पटाक्षेप हो गया। जिला कलक्टर अंशदीप के आदेश पर अतिरिक्त जिला कलक्टर (शहर) भावना गर्ग और नगर निगम के आयुक्त सुशील यादव की मौजूदगी में व्यापारियों की बैठक हुई। इसमें 40 फीट मार्ग पर बिना किसी रोक-टोक के अस्थायी लाइसेंस देने पर मोहर लगाई गई। निगम आयुक्त ने अग्निशमन वाहन की पहुंच वाले इलाके में पटाखे की अस्थायी दुकान का लाइसेंस देने की अनुमति दे दी। इसके लिए अग्निशमन विभाग को सर्वे का जिम्मा दिया गया।

अस्थायी लाइसेंस चाहने वाले 250 व्यापारियों ने सोमवार दोपहर संभागीय आयुक्त बी. एल. मेहरा व जिला कलक्टर अंशदीप को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने उप महापौर नीरज जैन और कांग्रेस नेता डॉ. श्रीगोपाल बाहेती के नेतृत्व में जिला कलक्टर से वार्ता की। जैन व बाहेती ने अस्थायी लाइसेंस देने में किए जा रहे विलम्ब से हो रहे नुकसान की भी जानकारी दी। जिला कलक्टर ने एडीएम सिटी व निगम आयुक्त को व्यापारियों के साथ बैठक कर राह निकालने के आदेश दिए। बैठक में 40 फीट मार्ग पर अस्थायी लाइसेंस बिना किसी आपत्ति जारी करने पर फैसला हुआ। उन्होंने अग्निशमन अधिकारी संजय शर्मा को अस्थायी लाइसेंस चाहने वाले व्यापारियों की दुकान का सर्वे अग्निशमन वाहन के साथ सर्वे कर रिपोर्ट पेश करने के आदेश दिए।

250 दुकानों का होगा सर्वे

निगम के अग्निशामक दल व व्यापारियों के प्रतिनिधि मंडल ने दोपहर बाद गंज, कोतवाली, क्लॉक टावर थाना क्षेत्र में दमकल के साथ मार्गों का सर्वे किया। देर शाम तक सर्वे का कार्य जारी रहा। अग्निशमन विभाग मंगलवार सुबह रिपोर्ट पेश करेगा। इसके बाद ही पटाखा व्यवसायियों को अस्थायी लाइसेंस जारी होंगे।

रुक-रुककर निकली दमकल

सर्वे के दौरान मुख्य बाजार में पडाव, कवंडसपुरा, मदार गेट, चूड़ी बाजार व नया बाजार में अग्निशमन वाहन रुक-रुककर गुजरा। कुछ जगह दमकल के पीछे वाहनों की कतार भी लग गई। वाहन पहुंचने के कारण दल ने अनुमति की मोहर लगा दी।

हादसा होने पर बड़ा नुकसान

उप महापौर जैन ने बताया कि पटाखा विक्रेताओं को अस्थायी लाइसेंस के लिए प्रशासन ने पटेल मैदान, पंचशील, चंदवरदायी नगर और तोपदड़ा स्कूल मैदान को चिह्नित किया था। इसके लिए नगर निगम को नोडल बनाया गया था। उन्होंने जिला कलक्टर के समक्ष खुले में टेंट में लगने वाली अस्थायी दुकानों में ज्यादा जोखिम होने व हादसा पेश आने पर जनहानि का खतरा होने की बात रखी। उन्होंने कई शहरों में पेश आ चुके हादसों की जानकारी दी।

कर्ज लेकर खरीदा माल

श्री अजमेर व्यापारिक महासंघ के महासचिव रमेश लालवानी ने बताया कि प्रशासन के आदेश से शहर के करीब 300 परिवारों की रोजी-रोटी खतरे में पड़ गई थी। व्यापारियों ने माल कर्ज लेकर खरीद लिया है। ऐसे में पटाखा व्यवसायियों को बड़ा नुकसान हो सकता था। व्यवसायियों के साथ कांग्रेस नेता शिव कुमार बंसल, पार्षद मुनव्वर खान कायमखानी, अनिल अग्रवाल, रोहित यादव, प्रमोद खण्डेलवाल, हरीश बंसल, हनुमान शर्मा, राकेश शर्मा, मनीष खंडेलवाल आदि मौजूद थे।