28 जुलाई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Ajmer: ‘मर्डर हो गया’, पड़ोसी ने पुलिस को दी संदिग्ध मौत की सूचना, सेना से रिटायर्ड पिता बोले-किसी तरह का शक नहीं

Youth Suspicious Death: अजमेर के रामनगर स्थित मानसरोवर कॉलोनी में युवक गोपालसिंह चौधरी की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पड़ोसी ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी जिसके बाद पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
2 min read
Google source verification
Rajasthan Police

AI जनरेटेड राजस्थान पुलिस की प्रतीकात्मक तस्वीर

अजमेर जिले के रामनगर स्थित मानसरोवर कॉलोनी में एक युवक की घर में ही संदिग्ध हालात में मौत का मामला सामने आया है। युवक की मौत की सूचना परिजनों से पहले उसके पड़ोसी ने गंज थाना पुलिस को दी। पड़ोसी ने पुलिस को सूचना देते हुए हत्या की आशंका जताई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाया।

जानकारी के अनुसार सोमवार शाम रामनगर पंचौली चौराहा स्थित मानसरोवर कॉलोनी निवासी गोपालसिंह चौधरी (44) की मृत्यु हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद गंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। वरुण सागर चौकी प्रभारी रणवीर सिंह राठौड़ और लाल सिंह फौजदार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

कर चुका था देहदान की घोषणा

जानकारी के अनुसार मृतक गोपालसिंह चौधरी पहले ही अपनी देहदान की घोषणा कर चुका था। लेकिन पड़ोसी की ओर से हत्या का संदेह जताते हुए पुलिस को सूचना देने के बाद पुलिस ने शव को देहदान की प्रक्रिया से पहले कब्जे में ले लिया। पुलिस अब युवक की मौत के कारणों की जांच कर रही है।

पिता और भाई को नहीं है किसी पर शक

पुलिस की पड़ताल में सामने आया कि गोपालसिंह चौधरी के पिता गिरवरलाल जाट सेना से रिटायर्ड हैं और उनकी उम्र करीब 70 साल है। वहीं बड़ा भाई लक्ष्मणसिंह बुक बाइंडिंग का काम करता है। परिवार के अनुसार, गोपालसिंह अपने पिता और भाई के साथ ही रहता था। भाई लक्ष्मणसिंह ने बताया कि गोपालसिंह वर्ष 2017 तक ई-मित्र चलाता था। वर्ष 2014 में उसके हार्ट के वॉल्व खराब होने के बाद पेसमेकर लगाया गया था। इसके बाद उसे लकवा भी आ गया था। बीमारी के कारण वह लंबे समय से कोई काम नहीं कर रहा था।

परिजनों का कहना है कि गोपालसिंह काफी समय से बीमार चल रहा था और उसकी मौत के कारणों को लेकर उन्हें किसी तरह का कोई शक नहीं है। उनका कहना है कि पड़ोसी ने शिकायत की है तो पुलिस जांच कर रही है। गंज थाना पुलिस ने बताया कि मृतक के पड़ोसी ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना देकर मौत पर संदेह जताया था। शव को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

पुलिस कन्ट्रोल रूम को मृतक के पड़ोसी ने सूचना देकर शक जाहिर किया है। शव को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है।
नरेन्द्र सिंह, थानाप्रभारी गंज