5 फ़रवरी 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

AMU कुलपति प्रो. तारिक मंसूर ने जारी किया वीडियो संदेश- घटना पर दुख है, बेकसूर छात्रों की मदद करेंगे…

एएमयू कुलपति ने छात्रों तथा शिक्षकों से अपील की है कि वे अकादमिक गतिविधियों को सामान्य बनाने में सहयोग प्रदान करें व शैक्षणिक गतिविधियों में शामिल हों।

less than 1 minute read
Google source verification

अलीगढ़। अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रोफेसर तारिक मंसूर ने गुरुवार को एक वीडियो संदेश जारी कर कहा कि 15 एवं 16 दिसम्बर 2019 की मध्य रात्रि में कैम्पस में होने वाली दुर्भाग्यपूर्ण घटनाओं पर उन्हें काफी दुख है। इस मामले में किसी भी बेकसूर छात्र को निशाना नहीं बनाया जायेगा। उन्होंने कहा कि इस सन्दर्भ में कुछ एफआईआर पुलिस द्वारा दर्ज की गई हैं जिनमें विश्वविद्यालय बेकसूर छात्रों की सहायता करेगा।

छात्रों से अपील
प्रोफेसर मंसूर ने आश्वस्त कराते हुए कहा कि जहां तक छात्रों की शिकायतों का सम्बन्ध है तो स्थिति सामान्य होते ही समस्त मामलों पर चर्चा की जायेगी। उन्होंने छात्रों तथा शिक्षकों से अपील की है कि वे परिसर में अकादमिक गतिविधियों को सामान्य बनाने में सहयोग प्रदान करें तथा शैक्षणिक गतिविधियों में शामिल हों। उन्होंने कहा कि हम समस्याओं के समाधान के लिये सदैव अपनी प्रोक्टोरियल तथा प्रो-प्रोक्टर्स की टीम तथा अध्यापकों की ही सहायता लेते रहे हैं और भविष्य में भी ऐसा ही करेंगे।

शांतिपूर्वक रूप से आन्दोलन करने का अधिकार प्राप्त
प्रोफेसर मंसूर ने कहा कि एक शैक्षणिक संस्थान के रूप में अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय लोकतांत्रिक कामकाज में विश्वास रखता है तथा विश्वविद्यालय के छात्र, शिक्षक व गैर शैक्षणिक कर्मचारियों आदि सहित समस्त वर्गों को ऐसे किसी भी नियम व कानून के विरुद्ध जिसे वह आपत्तिजनक समझते हैं, शांतिपूर्वक रूप से आन्दोलन करने का अधिकार प्राप्त है। कुलपति ने कहा कि शैक्षणिक संस्थाओं को चर्चा तथा असहमति का पूर्ण रूप से अधिकार प्राप्त है।

इनपुटः अर्जुन देव वार्ष्णेय