
BJP
अलीगढ़। उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले में इगलास की प्रसिद्ध मिठाई है चमचम। छैना से तैयार की जाती है। एक बार जो इसका स्वाद चख लेता है, वह बार-बार खाता है। इगलास विधानसभा सीट पर उपचुनाव हो रहा है। सवाल यह है कि इगलास के 3.75 लाख मतदाता चमचम किसे खिलाएंगे? भारतीय जनता पार्टी, बहुजन समाज पार्टी या कांग्रेस को। अब तक यह सीट भारतीय जनता पार्टी पर थी।
भाजपा की नाक का सवाल
इगलास से भाजपा विधायक राजवीर दिलेर हाथरस से सांसद बन गए तो उन्हें सीट छोड़नी पड़ी। इसलिए भाजपा के लिए यह सीट नाक का सवाल बन गई है। यहां से कांग्रेस, बहुजन समाज पार्टी, राष्ट्रीय लोकदल भी चुनाव जीत चुके हैं। रालोद और समाजवादी पार्टी का प्रत्याशी नहीं है। बसपा और कांग्रेस प्रत्याशी जोर लगा रहे हैं। सांगठनिक दृष्टि से बात करें तो भारतीय जनता पार्टी ने मजबूत चक्रव्यूह की रचना है। हर बूथ पर भाजपा कार्यकर्ता हैं।
सवा लाख जाट मतदाता
चुनाव हो रहा है तो जाति की बात अपने आप होने लगती है। इगलास को ‘मिनी छपरौली’ कहा जाता है। वह इसलिए कि यहां के जाट मतदाता तय करते हैं चुनाव कौन जीतेगा और कौन हारेगा। करीब सवा लाख जाट मतदाता हैं। जाटों को साधने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने पूरा जोर लगा रखा है। गोंडा क्षेत्र में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सभा शुक्रवार को हो चुकी है। मुख्यमंत्री ने यहां पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह का नाम लिया। साथ ही राजा महेन्द्र प्रताप के नाम पर राजकीय विश्वविद्यालय खोलने की बात कही है। जाटलैंड इगलास को खुश करने के लिए दो नाम काफी हैं।
आलू
इगलास में 90 फीसदी किसान हैं। सब खेती करते हैं। सर्वाधिक आलू होता है। हाल यह है कि किसी किसान के पास 10 बीघा खेत है तो वह 10 बीघा खेत और लेकर आलू बोता है। आलू का हाल यह है कि दो-तीन साल घाटा देता है और फिर लाभ ही लाभ। किसानों का कहना है कि अगर अलीगढ़ में आलू प्रोसेसिंग यूनिट लग जाए तो लाभ होगा। मुख्यमंत्री ने इसकी घोषणा कर दी है। जाहिर है कि आलू प्रोसेसिंग यूनिट का लाभ सभी किसानों को होगा। जाटों के लिए यह भी खुशखबरी है।
आवारा गौवंश
इगलास में आवारा गौवंश की बड़ी समस्या है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोंडा में सभा करने आए तो एक दिन पूर्व गौवंश को चारदीवारी में कैद किया गया। इनमें से कुछ गौवंश को पशुपालन विभाग ले गया। पत्रिका संवाददाता से हर किसान ने आवारा गौवंश से निजात दिलाने की बात कही। इगलास रोड पर कई गौशालाएं देखने को मिलीं।
ये हैं प्रत्याशी
राजुकमार सहयोगी, भाजपा, निवासी पत्थर मार्केट अलीगढ़
अभय कुमार, बसपा, निवासी केशव नगर, आगरा रोड, अलीगढ़
उमेश दिवाकर, कांग्रेस, निवासी करीरपुर, सादाबाद, हाथरस
मुकेश कमार, लोकदल, निवासी एमलपुर, कोल, अलीगढ़
हरीश धनगर, राष्ट्रीय शोषित समाज पार्टी, निवासी लोहवन, मथुरा
पुष्पेन्द्र सिंह, स्वतंत्र जनता राज पार्टी, निवासी लोधी विहार, सासनी गेट, अलीगढ़
विकास, भारतीय भाईचारा पार्टी, निवासी नुनेर गेट, अलीगढ़
एक नजर आकड़ों पर
कुल मतदाता 3,75,813
पुरुष मतदाता 2,01,819
महिला मतदाता 1,73,912
मंगलामुखी मतदाता 10
मतदान केन्द्र 345
मतदेय स्थल 458
इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन 860
पिंक मतदेय स्थल 1
मॉडल मतदान केन्द्र 28
संवेदनशील मतदान केन्द्र 12
पीठासीन अधिकारी 2016
जोनल मजिस्ट्रेट 5
सेक्टर मजिस्ट्रेट 50
स्टेटिक मजिस्ट्रेट 180
नवीन मंडी धनीपुर में मतगणना होगी।
Published on:
19 Oct 2019 05:33 pm
बड़ी खबरें
View Allअलीगढ़
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
