6 फ़रवरी 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Rinku Singh: क्रिकेटर रिंकू सिंह का फेसबुक अकाउंट हैक, लाखों की लूट, पुलिस अलर्ट

Indian Cricketer Rinku Singh Facebook Account Hack: क्रिकेटर रिंकू सिंह के फेसबुक अकाउंट को साइबर ठगों ने हैक कर लिया। अकाउंट से अनजान फोटो-वीडियो अपलोड हुए।

2 min read
Google source verification
रिंकू सिंह फेसबुक अकाउंट हैक

रिंकू सिंह फेसबुक अकाउंट हैक Source- FB

Cricketer Rinku Singh Facebook Account Hack: भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह का फेसबुक अकाउंट हैक होने का मामला सामने आया है। साइबर ठगों ने न सिर्फ उनकी फेसबुक आईडी का एक्सेस अपने कब्जे में ले लिया, बल्कि अकाउंट से होने वाली मोनेटाइजेशन की कमाई भी अपने खाते में ट्रांसफर कर ली। मामले की शिकायत रिंकू सिंह के भाई ने की है, जिसके बाद साइबर क्राइम थाने में केस दर्ज किया गया है। रिंकू सिंह के भाई सोनू ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि रिंकू सिंह के फेसबुक पेज पर करीब 16 लाख फॉलोअर्स हैं। रिंकू इन दिनों अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैचों और टी20 वर्ल्ड कप की तैयारियों में व्यस्त चल रहे थे। इसी वजह से वे अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर ध्यान नहीं दे पा रहे थे। अलीगढ़ में FIR दर्ज हुआ है।

4 फरवरी को सामने आई परेशानी

सोनू के मुताबिक, 4 फरवरी को रिंकू सिंह ने जब अपना फेसबुक अकाउंट लॉग इन करने की कोशिश की तो पासवर्ड गलत बताया गया। कई बार प्रयास करने के बावजूद अकाउंट नहीं खुला। इसके बाद रिंकू ने अपने भाई सोनू को पूरी जानकारी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए सोनू ने 5 फरवरी को SSP से मुलाकात कर लिखित शिकायत दी। शिकायत में बताया गया कि रिंकू सिंह का फेसबुक अकाउंट पहले उनकी ईमेल आईडी (rinkukumar344.8.7) से जुड़ा हुआ था। लेकिन हैकर्स ने ईमेल आईडी बदलकर अकाउंट को दूसरी मेल आईडी (commercial.rinkukumar) से लिंक कर दिया। इसी वजह से रिंकू का अकाउंट पूरी तरह उनके नियंत्रण से बाहर चला गया।

बिना इस्तेमाल के अपलोड हो रहे थे फोटो-वीडियो

सोनू ने बताया कि रिंकू ने यह भी देखा कि उनकी फेसबुक आईडी से ऐसे फोटो और वीडियो अपलोड हो रहे थे, जिन्हें उन्होंने खुद पोस्ट नहीं किया था। इससे साफ हो गया कि अकाउंट को किसी अज्ञात व्यक्ति ने हैक कर लिया है। बता दें कि रिंकू सिंह का फेसबुक अकाउंट मोनेटाइज था, जिससे उन्हें अच्छी-खासी इनकम होती थी। हैकर्स ने इस कमाई को भी अपने बैंक अकाउंट में ट्रांसफर कर लिया। इसकी जानकारी मिलते ही पुलिस को तुरंत सूचित किया गया।

मुंबई में हैं रिंकू सिंह

बताया गया कि रिंकू सिंह इस समय मुंबई में हैं। वे दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप के वॉर्म-अप मैच खेलकर लौटे हैं। व्यस्त शेड्यूल के चलते वे समय पर अकाउंट की स्थिति नहीं समझ पाए। साइबर क्राइम थाने के इंस्पेक्टर रामेंद्र शुक्ला ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है। वहीं SSP नीरज कुमार जादौन ने कहा कि साइबर टीम को हैकर्स की पहचान करने और फेसबुक अकाउंट रिकवर कराने के निर्देश दिए गए हैं।