
meeting
अलीगढ़। रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण व उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अलीगढ़ के जीटी रोड स्थित होटल रॉयल रेजीडेंसी में डिफेंस कॉरिडोर इंडस्ट्रियल इन्वेस्टर्स समिट का शुभारंभ किया। इस मौके पर रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि हम यूपी के डिफेंस कॉरिडोर के लिए कटिबद्ध हैं। जितना आप सेना, एयर फोर्स को आपूर्ति कर रहे हैं, उतना एक्सपोर्ट भी करें। हम 10 साल तक आपको ऑर्डर देंगे। टेस्ट के बाद क्वालिटी ठीक होने पर हम भी आपका उत्पाद लेंगे। भारतीय सेना द्वारा पूरा मार्केट सपोर्ट हमको मिलना चाहिए, ऐसी मानसिकता में बदलाव आना चाहिए, क्योंकि आपके प्रोडक्ट की क्वालिटी भी उचित होनी चाहिए। रक्षा मंत्री ने कहा कि अलीगढ़ से उद्यमियों के साथ सांसद सतीश गौतम मुझसे दो-तीन बार मिले। इसके बाद अलीगढ़ को चुन लिया गया। अब अलीगढ़ को डिफेंस हब बनाया जाएगा।
एयरो स्पेस शो यूपी में कराया जाए
इससे पहले कार्यक्रम में सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अलीगढ़ न सिर्फ ताले बल्कि हार्डवेयर के लिए जाना जाता है। पहले की सरकारों ने कभी यहां के हुनर को नहीं समझा। डिफेंस कॉरिडोर की घोषणा को धरती पर उतारने के लिए प्रधानमंत्री ने रुचि ली है। उत्तर प्रदेश में आज रक्षा मंत्री के आगमन पर हृदय से उनका अभिनंदन करता हूं । रक्षा मंत्री देश की रक्षा के बारे में चिंता कर रही हैं, रक्षा मंत्री सियाचिन और अरुणाचल के दौरे पर जा रही हैं । उन्होंने रक्षामंत्री से अनुरोध किया कि एयरो स्पेस शो नवम्बर में होना है और वह यूपी में हो।
उद्योगपतियों ने की घोषणाएं
कार्यक्रम में आए उद्योगपतियों ने यहां पर विभिन्न घोषणाएं की । भारत हैवी इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (भेल) के सीएमडी एमडी गौतम बोले- हम आगरा में 40 करोड़ से सर्विस सेंटर और गाज़ियाबाद में 200 करोड़ का निवेश करेंगे। हिन्दुस्तान एयर नॉटिक्स के स्वर्ण राजू ने कहा, 1200 करोड़ का निवेश यूपी डिफेंस कॉरिडोर में करेंगे। वहीं रक्षा उत्पादन बनाने वाली कंपनी एमकेयू कंपनी के डायरेक्टर मनोज गुप्ता ने कहा कि वे 900 करोड़ का निवेश यूपी डिफेंस कॉरिडोर में करेंगे। कानपुर में स्माल वेपन की फैक्ट्री लगाएंगे।
पहली बार यूपी उद्योग में अग्रणी
कार्यक्रम में रक्षा राज्यमंत्री सुभाष भामरे ने कहा कि मैं अपने आप को भाग्यशाली समझता हूं जो इस ऐतिहासिक क्षण का हिस्सेदार बना। मैं देख रहा हूं कि किस तरह से उद्योग के क्षेत्र में माहौल बदल रहा है। मेक इन इंडिया में 25 में से 22 क्षेत्रों को चुना। ये एक सुनहरा मौका है। पहली बार यूपी उद्योग में अग्रणी हो रहा है।
यूपी में इंडस्ट्रीज का एक नया युग प्रारंभ
औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना ने कहा कि 21 और 22 फरवरी वो ऐतिहासिक दिन था, जब इंडस्ट्रियल डिफेंस कॉरिडोर की घोषणा हुई। पांच महीने में ही विस्तार के साथ बैठक हुई। हमारे पीएम ने जो दिशा दी थी उसे हम मूर्त रूप दे रहे हैं। यूपी में इंडस्ट्रीज का एक नया युग प्रारंभ हो चुका है, इसको आगे बढ़ाने की जरूरत है।
तालों से रक्षा क्षेत्र में प्रवेश
रक्षा मंत्रालय के संयुक्त सचिव संजय प्रसाद ने कहा कि ताले के क्षेत्र से किस तरह डिफेंस के क्षेत्र में एंट्री कर सकते हैं, आज इस कॉरिडोर की बैठक में लगाई गई प्रदर्शनी के माध्यम से जाना जा सकता है। अलीगढ़ हार्डवेयर क्षेत्र में नंबर वन पर है। तालों को लेकर दुनिया में अलग पहचान है।
इन देशों के राजदूत आए
समिटि में अमेरिका, ब्रिटेन, स्वीडन, रूस, जापान, दक्षिण कोरिया, इजरायल, फ्रांस के राजदूत आए। जल, थल और नभ सेना के वरिष्ठ अधिकारियों ने निवेशकों के साथ अलग से मुलाकात की।
Updated on:
11 Aug 2018, 3:55 PM IST
Published on:
11 Aug 2018, 3:28 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.