फिरोज आठ साल का एक डॉगी है। ये बीमार भी चल रहा है। CCTV में इसकी लास्ट लोकेशन दिखी।
प्रयागराज में आठ साल के फिरोज के लापता होने का मामला सामने आया है। फिरोज की तलाश कई जगह की गई। फिरोज फिर भी नहीं मिला। इसके बाद उसके पोस्टर लगाए गए। साथ ही इनाम भी रखा गया है। फिरोज का पता लगाने वाले को 5 हजार रुपए का नगद इनाम मिलेगा।
शिवकुटी थाना इलाके के शिवपुरी कॉलोनी से डॉगी गायब हुआ था। ये कुत्ता 1 दिसंबर की सुबह लापता हो गया था। वह बीमार भी बताया गया है। इसकी मालकिन सौम्या इसे परिवार के सदस्य की तऱह रखती थीं।
पांच हजार रुपए देने की घोषणा
गायब होने के बाद से पूरा परिवार परेशान है। कुत्ते के गायब होने पर हर जगह तलाश की गई। इसके बाद भी नहीं मिला, तो गली-गली में पोस्टर लगा दिए। इसके बाद परिवार ने कुत्ते का पता बताने वाले को पांच हजार रुपए देने की घोषणा की है।
गेट खुला होने पर बाहर निकल गया
फिरोज की मालकिन सौम्या के मुताबिक, "फिरोज सुबह के वक्त गेट खुला पाकर बाहर निकल गया। काफी देर बाद भी वह वापस नहीं आया, तो सभीने मिलकर उसे ढूंढ़ना शुरू किया। बहुत ढूंढने के बाद भी वो नहीं मिला। इसके बाद उसका पता लगाने के लिए जगह जगह पोस्टर लगवा दिए गए। जिससे किसी की नजर पड़े तो शायद वो हमें बता दे। हमारा फिरोज हमें वापस मिल सके।"
परिवारवालों के मुताबिक, "फिरोज को आखिरी बार सीसीटीवी कैमरे में शिवपुरी कॉलोनी में देखा गया था। इंसान का पशु से प्रेम का यह अपने आप में एक नायाब उदाहरण है, जिसके लिए इनाम की राशि भी रखी गई है।"