इलाहाबाद. सूबे के विधानसभा चुनाव के बाद प्रदेश में निकाय चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां अपने चरम पर हैं। भाजपा के सामने एक बार फिर मोदी और अब योगी लहर को साबित करने के लिए पूरी ताकत झोंकनी है, तो वही सत्ता से दूर हुई सपा को प्रदेश भर में अखिलेश यादव की लोकप्रियता साबित करने के लिए बड़ी जीत हासिल करने के लिए जद्दोजहद कर रही है।इन सबके बीच सबसे राजनीतिक बदलाव भी देखने को मिला है।अब तक सभी राजनीतिक दलों में भगदड़ कराने वाली भाजपा में ही सबसे ज्यादा अंतर कलह् निकाय चुनाव को लेकर है। विधानसभा चुनाव में कई दिग्गज नेताओं का टिकट इसलिए काट दिया गया कि उन्हें आगे मौका दिया जाएगा। उनमें से कई बड़े चेहरे मेयर चुनाव में दांव लगाने को तैयार हैं।तो वहीं भाजपा के ही अंदर तीन कैबिनेट मंत्रियों में मेयर की सीट लेने की लड़ाई चल रही है।