
सरकारी स्कूलों में नामांकन बढ़ाने के लिए चल रहे ऑनलाइन प्रवेशोत्सव का पहला चरण पूरा हो गया है। अलवर के दस ब्लॉकों के 1490 सरकारी स्कूलों में नामांकन बढ़ने की जगह 10 हजार 53 घटा है। बीते सत्र में इन स्कूलों में एक लाख 79 हजार 514 और इस सत्र में एक लाख 69 हजार 461 नामांकन हुए। जबकि प्रवेशोत्सव के दौरान सभी संस्था प्रधानों को नामांकन में 10 प्रतिशत का इजाफा करना था। इसके लिए शिक्षा विभाग ने स्कूलों में 25 प्रतिशत स्टाफ को डोर-टू-डोर सर्वे के लिए लगाया। गौरतलब है कि अब ग्रामीण क्षेत्रों में भी निजी स्कूलों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। शहरों के मुकाबले इनकी फीस भी कम है, इस वजह से ग्रामीण भी बच्चों को इन स्कूलों में अध्ययन करवा रहे हैं। सरकारी स्कूलों में संसाधनों की कमी के कारण इनसे लोगों का मोह भंग हो रहा है। खासकर प्राथमिक व उच्च प्राथमिक स्तर के स्कूलों में भी हाल सबसे ज्यादा खराब है। ज्यादातर में बिजली नहीं है, ऐसे में गर्मी में बच्चों का पढ़ना मुश्किल हो जाता है।
लड़कों के मुकाबले लड़कियों का नामांकन ज्यादा
शैक्षणिक सत्र 2026-27 में लड़कों के मुकाबले लड़कियों का नामांकन ज्यादा हुआ है। नामांकित लड़कों की संख्या 5175 और लड़कियों की संख्या 5606 है। अब कुल नए एडमिशन की संख्या 10781 है। वहीं, नामांकन में रामगढ़ ब्लॉक ने सबसे ज्यादा इजाफा किया है। अब तक यहां पर 2533 बच्चों को प्रवेश दिलाया गया है और सबसे कम नामांकन कठूमर ब्लॉक में 381 रहा है।
प्रवेशोत्सव का दूसरा चरण जुलाई में
सरकारी स्कूलों में प्रवेशोत्सव का दूसरा चरण ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद जुलाई में शुरू होगा। इसमें ड्रॉपआउट व अनामांकि बच्चों को पढ़ाई की मुख्य धारा में जोडा जाएगा। इसके साथ ही तीन वर्ष से 18 वर्ष तक बच्चों को स्कूल-आंगनबाडी से जोड़ा जाएगा।
ब्लॉक वार कुल विद्यार्थी संख्या
भानोखर–9,925
गोविंदगढ़–15,965
कठूमर–8,623
लक्ष्मणगढ़–14,344
मालाखेड़ा–15,589
रैणी–2,503
राजगढ़–6,583
रामगढ़–33,537
थानागाजी–17,715
उमरैण–24,677
Published on:
28 Apr 2026 11:01 am
बड़ी खबरें
View Allअलवर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
