
representative picture (patrika)
राजस्थान के अलवर शहर में एक अजीब वाक्या सामने आया है। कुछ युवक एक युवती को गलतफहमी में उठा ले गए और थोड़ी देर बाद वापस वहीं छोड़कर चले गए। दरअसल, अलवर नगर निगम कार्यालय के बाहर से कुछ लोग एक युवती को जबरन कार में बैठाकर ले गए। दिनदहाड़े हुई इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया, लेकिन इस पूरी कहानी में ट्विस्ट तब आया जब कुछ ही देर बाद अपहरणकर्ता युवती को वापस सुरक्षित छोड़कर मौके से फरार हो गए। जांच में सामने आया कि यह पूरी घटना केवल एक 'गलतफहमी' का नतीजा थी।
जानकारी के अनुसार एक युवक और युवती पिछले करीब डेढ़ महीने से अलवर के 60 फीट रोड इलाके में किराए का कमरा लेकर लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। दोनों ने 24 मार्च को कोर्ट मैरिज कर ली थी। शादी के बाद वे अपने विवाह का सरकारी पंजीकरण कराने के लिए नगर निगम कार्यालय पहुंचे थे। शाम करीब 4 बजे जब वे अपना काम पूरा करके निगम कार्यालय से बाहर निकले, तभी वहां पहले से घात लगाकर बैठे कुछ लोगों ने युवती को जबरन अपनी कार में बैठाकर वहां से रफूचक्कर हो गए।
इस अचानक हुए घटनाक्रम से युवती का साथी और वहां मौजूद लोग सन्न रह गए। हालांकि, अपहरण के कुछ ही समय बाद वे लोग युवती को वापस वहीं छोड़ गए। असल में, यह मामला किसी रंजिश का नहीं बल्कि पहचान की गलती का था। बताया जा रहा है कि एक अन्य विवाहिता अपने तीन बच्चों को छोड़कर किसी युवक के साथ चली गई थी। उस महिला के परिजन उसे ढूंढते हुए नगर निगम पहुंचे थे।
संयोग से लिव-इन में रह रही युवती ने भी अपने मुंह पर कपड़ा बांधा हुआ था, जिसके कारण परिजनों को लगा कि यह उनकी ही बेटी है। उन्होंने बिना सोचे-समझे उसे कार में बैठा लिया। रास्ते में जब युवती के चेहरे से कपड़ा हटा और उन्होंने उससे बातचीत की, तब उन्हें एहसास हुआ कि वे अपनी बेटी के चक्कर में किसी ओर युवती को उठा लाए हैं। अपनी गलती का पता चलते ही वे घबरा गए और युवती को वापस छोड़कर भाग निकले।
इस अजीबोगरीब घटना के बाद इलाके में काफी देर तक चर्चाओं का बाजार गर्म रहा। मामले को लेकर कोतवाली थाना प्रभारी रमेश सैनी ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है, लेकिन अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस में कोई लिखित शिकायत या मामला दर्ज नहीं कराया गया है। युवती फिलहाल सुरक्षित है और अपने साथी के साथ है।
Published on:
25 Mar 2026 11:36 am
बड़ी खबरें
View Allअलवर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
