8 फ़रवरी 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

नीमराणा हाईवे पर हादसा, डंपर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, दो घायल

नीमराणा क्षेत्र में दिल्ली-जयपुर हाईवे पर शुक्रवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। जापानी जोन औद्योगिक क्षेत्र मोड़ के पास अंडरपास से निकल रहे बाइक सवार तीन युवकों को तेज रफ्तार डंपर ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार 22 वर्षीय सीताराम की मौके पर ही मौत हो गई

2 min read
Google source verification

मृतक सीताराम

नीमराणा क्षेत्र में दिल्ली-जयपुर हाईवे पर शुक्रवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। जापानी जोन औद्योगिक क्षेत्र मोड़ के पास अंडरपास से निकल रहे बाइक सवार तीन युवकों को तेज रफ्तार डंपर ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार 22 वर्षीय सीताराम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका भाई दीपक (20) और साथी देवानंद (32) गंभीर रूप से घायल हो गए।

मौके पर मौजूद लोगों ने एंबुलेंस की मदद से घायलों को औद्योगिक क्षेत्र के निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। वहीं पुलिस ने मृतक के शव को नीमराणा राजकीय सीएचसी मोर्चरी में रखवाया है, जहां परिजनों के आने पर पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

कंपनी में गार्ड की नौकरी करते थे युवक

जानकारी के अनुसार मृतक सीताराम पुत्र जगदीश निवासी बिलाली, बानसूर था। घायल दीपक उसका छोटा भाई है। दोनों औद्योगिक क्षेत्र की एक कंपनी में काम करते थे। हादसे में घायल देवानंद पुत्र शिवप्रसाद हसनपुर, जिला फतेहपुर (यूपी) का रहने वाला है और कंपनी में गार्ड की नौकरी करता है। तीनों शुक्रवार सुबह करीब 9:30 बजे बाइक से करनीकोट (मुंडावर) की ओर जा रहे थे। हादसे में दीपक का पैर घुटने से नीचे कट गया, जबकि देवानंद भी गंभीर रूप से घायल है।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया हादसे का मंजर

मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जैसे ही बाइक सवार अंडरपास से सर्विस लेन पर निकले, तभी जयपुर की ओर जा रहे तेज रफ्तार डंपर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में डंपर के पीछे चल रही एक कार भी डंपर में जा घुसी, जिससे कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि कार सवार को कोई चोट नहीं आई। पुलिस ने डंपर को जब्त कर लिया है और हादसे की जांच में जुट गई है।