पंजाब, मध्यप्रदेश और उत्तराखंड नहीं कोई बस सेवा
जिले में अलवर और मत्स्य नगर दो रोडवेज डिपो हैं। वहीं, खैरथल-तिजारा जिले में तिजारा डिपो है। इन तीनों डिपो में फिलहाल 208 ऑन रूट बसें हैं, लेकिन तीनों डिपो से ही पंजाब, मध्यप्रदेश और उत्तराखंड राज्यों के किसी भी शहर के लिए एक भी बस सेवा नहीं चलाई जा रही। पंजाब में अमृतसर व लुधियाना, मध्यप्रदेश के भोपाल, इंदौर, ग्वालियर व उज्जैन आदि बड़े शहर हैं। हरियाणा के रेवाड़ी, भिवानी, हिसार, फतेहाबाद, सिरसा, कैथल व रोहतक भी अलवर से कोई रोडवेज नहीं जाती है। वहीं, राजस्थान के माउंट आबू, बीकानेर, जैसलमेर, हनुमानगढ़ और बांसवाड़ा आदि के लिए अलवर से सीधी रोडवेज सेवा नहीं है। इसके अलावा गुजरात के अहमदाबाद के लिए भी यहां कोई बस नहीं चलाई जा रही।