
अलवर जिले में 84 साल पुराना है कांग्रेस का इतिहास, 33 जिलाध्यक्षों के हाथ रही पार्टी की कमान
अलवर. जिले में कांगे्रस का सफर करीब 84 साल पुराना है। अलवर राज्य कांग्रेस कमेटी से शुरू हुआ कांग्रेस का सफर अब जिला कांग्रेस तक पहुंच चुका है। इस लंबे दौर में कांग्रेस के 32 अध्यक्ष पार्टी की कमान संभाल चुके और योगेश मिश्रा 33 वें जिलाध्यक्ष के रूप में पार्टी की संभाले हैं।
अलवर जिले में वर्ष 1937 में दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के तहत अलवर राज्य कांग्रेस कमेटी का गठन किया गया। उस दौरान अलवर राज्य कांग्रेस कमेटी के पं. सालिग राम पहले अध्यक्ष बने थे। हालांकि उनका कार्यकाल ज्यादा लंबा नहीं रहा और अगले ही साल 1938 में लक्ष्मण स्वरूप त्रिपाठी अध्यक्ष बने। वहीं 1938-39 में अलवर राज्य कांग्रेस कमेटी का स्वरूप बदल अलवर राज्य प्रजामंडल हो गया। वर्ष 1938-39 में सरदार हुकम सिंह अलवर राज्य प्रजामंडल के पहले और जिला कांग्रेस के तीसरे जिलाध्यक्ष बने।
एक दशक रहा अलवर राज्य प्रजामंडल का दौर
अलवर कांग्रेस की एक दशक से ज्यादा समय तक अलवर राज्य प्रजामंडल के रूप में पहचान रही। इस दौरान रहे कांग्रेस के छह जिलाध्यक्ष अलवर राज्य प्रजामंडल अध्यक्ष कहलाए। आजादी के आंदोलन एवं बाद में अलवर कांग्रेस को प्रदेश में ख्याति दिलाने नेताओं ने अलवर राज्य प्रजामंडल की कमान संभाली। इनमें डॉ. अब्दुल गफार जमाली (1939), बृज नारायण आचार्य (1939-40), पं. हरिनारायण ल_मार (1941-42), पं. भवानी सहाय शर्मा (1943-44), शोभाराम (1945-48) अलवर राज्य प्रजामंडल के अध्यक्ष रहे।
लाला काशीराम बने जिला कांग्रेस के पहले अध्यक्ष
कांग्रेस में अलवर जिले में प्रजामंडल का दौर 1948 तक रहा। बाद में अलवर राज्य प्रजामंडल जिला कांग्रेस कमेटी में तब्दील हो गया। 1949 से 51 तक लाला काशीराम जिला कांग्रेस कमेटी के पहले अध्यक्ष रहे। इसके बाद शोभाराम (1952-56)तक जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रहे। वहीं रामजीलाल अग्रवाल (1957-58), पं. जयकृष्ण शर्मा (1959-60), पं. हरिप्रसाद शर्मा (1961), गंगादेवी डाटा (1962), मास्टर भोला नाथ (1963-74), बद्रीप्रसाद गुप्ता (1975-77), पं. जयकृष्ण शर्मा (1977-83 अलवर देहात जिला कांग्रेस कमेटी), शोभाराम (1977-83 अलवर शहर जिला कांग्रेस कमेटी), नंदलाल अग्रवाल (1983-92 अलवर शहर जिला कांग्रेस कमेटी), चन्द्रशेखर (1983-92 अलवर देहात जिला कांग्रेस कमेटी) के अध्यक्ष रहे।
डॉ. जसवंत यादव भी कांग्रेस के जिलाध्यक्ष
डॉ. जसवंत यादव 1992 से 95 तक अलवर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रहे। बाद में रामअवतार शर्मा (1996), रामधन यादव (1997-2000, जुबेर खां (2000-05), नंदराम ओला (2004-05)जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी जिलाध्यक्ष रहे। वहीं श्रीनिवास मीणा भी कुछ समय के लिए जिलाध्यक्ष रहे।
छह साल रहे जितेन्द्र सिंह कांग्रेस के जिलाध्यक्ष
वर्तमान में कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री जितेन्द्र सिंह भी 2005 से 11 तक जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रहे हैं। इसी दौरान वर्ष 2007 से 11 तक रमेश खींची कार्यकारी जिलाध्यक्ष रहे। वहीं अशोक दीक्षित 2011 से 16, टीकाराम जूली 2016 से 21 तक कांग्रेस के जिलाध्यक्ष पद पर रहे। टीकाराम जूली वर्तमान में राज्य सरकार में कैबिनेट मंत्री हैं। इसी दौरान पं. योगेश मिश्रा व राजेन्द्र गण्डूरा भी 2018 से 21 तक जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी जिलाध्यक्ष रहे हैं।
योगेश मिश्रा अब 33 वें जिलाध्यक्ष
अलवर राज्य कांग्रेस कमेटी से शुरू हुए कांग्रेस के सफर अब जिला कांग्रेस कमेटी तक पहुंच चुका है और वर्तमान में योगेश मिश्रा जिला कांग्रेस कमेटी के 33 वें जिलाध्यक्ष हैं। मिश्रा का कुछ समय पहले ही एआइसीसी की ओर से जिलाध्यक्ष पद पर मनोनयन किया गया है।
Published on:
22 Feb 2022 11:27 pm
बड़ी खबरें
View Allअलवर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
