
तिजारा की पावन धरा से अंकुरित हो रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नेतृत्व गुण
अलवर. देहरा जैन मंदिर के चलते देश दुनिया में विख्यात रहा तिजारा अब कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए कर्म स्थली बन रही है। कांग्रेस की ओर से यहां चल रहे 10 दिवसीय नेतृत्व संगम शिविर में देश भर से करीब 67 वरिष्ठ कार्यकर्ता यहां बड़े नेताओं से नेतृत्व के गुर सीख रहे हैं।प्रदेश के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सोमवार को इन कार्यकर्ताओ को नेतृत्व का पाठ पढ़ाने पहुंचे, वहीं पूर्व में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं दिल्ली प्रदेश प्रभारी शक्तिसिंह गोविल भी यहां कार्यकर्ताओं को नेतृत्व के गुर सिखा चुके हैं। मंगलवार को पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव जितेन्द्र सिंह एवं वरिष्ठ नेता शैलजा भी शिविर में कार्यकर्ताओं को सीख देने आएंगे। राज्य के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग मंत्री टीकाराम जूली ने सोमवार को शिविर में पार्टी की रीति नीति की जानकारी दी।
उदयपुर के बाद कांग्रेस ने चुना तिजारा
कांग्रेस की ओर से पिछले दिनों उदयपुर में पार्टी का चिंतन शिविर आयोजित किया गया था। इस चिंतन शिविर में पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वडेरा, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत समेत देश भर से वरिष्ठ नेता जुटे हैं। कांग्रेस की ओर से उदयपुर के बाद अब बड़े आयोजन के लिए अलवर जिले के तिजारा को चुना है। यहां लगाए जा रहे शिविर में देश भर से आए पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को नेतृत्व के गुणों का समावेश करने का प्रयास है।
शिविर में यह सिखा रहे कार्यकर्ताओं को पाठ
नेतृत्व संगम शिविर में कार्यकर्ताओं काे कांग्रेस की रीति नीति का पाठ पढ़ाने के साथ ही राजनीतिक दायित्व बोध कराया जा रहा है। इसके साथ ही राजनेताओं की समाज में भूमिका, राजनीति का उद्देश्य, राजनीतिक क्षेत्र में वर्तमान में आने वाले चुनौतियां एवं इसका निराकरण के तरीके, राजनीतिक व्यक्ति के कर्तव्य की जानकारी दी जा रही है। वहीं देश को आगे ले जाने में राजनेता की भूमिका के साथ ही राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अम्बेडकर सहित अन्य महापुरुषों के विचारों से कार्यकर्ताओं को अवगत कराया जा रहा है।
तीन महीने का है कार्यक्रम
पार्टी सूत्रों के अनुसार नेतृत्व संगम शिविर का कार्यक्रम करीब तीन महीने का है। इनमें तिजारा के अलावा भी देश में अन्य स्थानों पर ऐसे शिविर लगाकर वरिष्ठ नेताओं को नेतृत्व के गुर सिखाए जाएंगे।
Published on:
08 Aug 2022 11:31 pm
बड़ी खबरें
View Allअलवर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
