अलवर जिले को एक के बाद एक नए नेशनल हाइवे निर्माण की सौगात मिलने से विकास की संभावनाओं को पंख लगे हैं। जिले में दिल्ली-जयपुर वाया बहरोड़ होते नेशनल हाइवे पहले से ही है। वहीं भिवाड़ी- महुआ मेगा हाइवे का निर्माण भी कई साल पहले ही हो चुका है। वहीं भिवाड़ी- जयपुर वाया अलवर मार्ग भी हाइवे के समान होने से आसपास के क्षेत्र में विकास की राह आसान हुई है। अब मुम्बई एक्सप्रेस वे निर्माण अगले साल पूरा होने पर रामगढ़, रैणी, लक्ष्मणगढ़ आदि क्षेत्रों का विकास भी तेजी से हो सकेगा। वहीं एनएचएआई की ओर से अब अलवर जिले में हरियाणा के पनियाला मोड से बडोदामेव तक एक और नेशनल हाइवे स्वीकृत किया है। इससे भी अलवर जिले के विकास को पंख लगना तय है।
खास बात यह कि नया नेशनल हाइवे 148 बी के निर्माण से बानसूर, मुण्डावर, किशनगढ़बास, अलवर, रामगढ़, लक्ष्मणगढ़ आदि क्षेत्रों का विकास होगा।