8 नवंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

राजस्थान में यहां पंचायत चुनाव में कोरोना पॉजिटिव मिलने से हड़कंप, जोश के साथ चुनी गांव की सरकार

मतदान के बाद सरपंच व पंच पदों के लिए मतों की गिनती कराई और परिणाम घोषित कर दिया। प्रशासन की सूचना के अनुसार जिले में मतदान शांतिपूर्ण रहा, केवल लक्ष्मणगढ़ पंचायत समिति की ग्राम पंचायत बडका में मतदान दल अधिकारी (पीआरओ) के कोरोना पॉजिटिव आने की सूचना के बाद पूरे मतदान दल को वोटिंग प्रक्रिया से अलग कर नया मतदान दल को तैनात किया गया।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

अलवर

•

image

Lubhavan Joshi

•

Updated: 29 Sep 2020, 8:06 AM IST

Alwar Panchayat Election Happened During Corona Pandemic 2020

अलवर: पंचायत चुनाव में कोरोना पॉजिटिव मिलने से हड़कंप, जोश के साथ चुनी गांव की सरकार

अलवर. जिले की लक्ष्मणगढ़ व नीमराणा पंचायत समितियों की 40 ग्राम पंचायतों में सोमवार को मतदाताओं ने गांव की सरकार चुन ली। मतदान सुबह 7.30 बजे शुरू हुआ और शाम 5.30 बजे तक जारी रहा। कुछ मतदान केन्द्रों पर देर शाम तक भी मतदान चला। मतदान के बाद सरपंच व पंच पदों के लिए मतों की गिनती कराई और परिणाम घोषित कर दिया। प्रशासन की सूचना के अनुसार जिले में मतदान शांतिपूर्ण रहा, केवल लक्ष्मणगढ़ पंचायत समिति की ग्राम पंचायत बडका में मतदान दल अधिकारी (पीआरओ) के कोरोना पॉजिटिव आने की सूचना के बाद पूरे मतदान दल को वोटिंग प्रक्रिया से अलग कर नया मतदान दल को तैनात किया गया। दोनों पंचायत समितियों में 80.22 प्रतिशत मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया।

सुबह के समय मतदान धीमा रहा। हालांकि सुबह 8 बजे बाद मतदान केन्द्रों पर महिला व पुरुष मतदाताओं के पहुंचने के क्रम में तेजी आई और 10 बजे तक ज्यादातर मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं की कतार दिखाई पडऩे लगी। बाद में मतदान में और तेजी आई, जिससे मतदान प्रतिशत में तेजी से उछाल आया। दोपहर 12 बजे तक दोनों पंचायत समितियों में करीब 36 फीसदी मतदाता अपने वोट डाल चुके थे। दोपहर में महिलाएं भी घर का कामकाज निपटा कर मतदान केन्द्रों पर पहुंची, जिससे अधिकतर मतदान केन्द्रों पर महिलाओं की लंबी कतार लगी दिखी। पुरूष मतदाता भी दोपहर में बहुतायत में निकले, इसके चलते 3 बजे तक करीब 64 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इसके बाद ग्रामीणों का गांव की सरकार चुनने के प्रति उत्साह कम नहीं हुआ और शाम 5.30 बजे तक मतदान 80 फीसदी को पार गया। कई मतदान केन्द्रों पर देरी से मतदाताओं के पहुंचने के कारण मतदान शाम 5.30 बजे बाद भी रखना पड़ा।

एक लाख 20 हजार से ज्यादा ने डाले वोट

पंचायत समिति लक्ष्मणगढ़ व नीमराणा की 40 ग्राम पंचायतों में एक लाख 20 हजार 234 मतदाताओं ने वोट डाले। इनमें लक्ष्मणगढ़ की 21 ग्राम पंचायतों में 74 हजार 276 में से 60 हजार 400 तथा नीमराणा की 19 ग्राम पंचायतों में 72 हजार 929 में से 59 हजार 834 मतदाताओं ने वोट डाले। दोनों पंचायत समितियों में कुल 1 लाख 47 हजार 205 मतदाता थे।

बडका में पीआरओ कोरोना पॉजिटिव निकला

लक्ष्मणगढ़ पंचायत समिति की ग्राम पंचायत बडका में पंचायत चुनाव सम्पन्न कराने पहुंचे मतदान दल के प्रभारी की रिपोर्ट सोमवार को कोरोना पॉजिटिव मिली। इसकी सूचना राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बानसूर के प्रधानाचार्य ने जिला निर्वाचन अधिकारी को दी। पीआरओ 80 बडका लक्ष्मणगढ़ के कोरोना पॉजिटिव की सूचना के बाद पूरे मतदान दल को उस मतदान केन्द्र से हटाया गया और दूसरा मतदान दल वहां चुनाव कराने के लिए भेजा गया। इस कारण बडका मतदान केन्द्र पर मतदान प्रक्रिया में कुछ देर व्यवधान आया।

सोशल डिस्टेंसिंग की होती रही अवहेलना

पंचायत चुनाव के पहले चरण के मतदान के दौरान राज्य चुनाव आयोग की ओर से कोरोना गाइडलाइन की सख्ती से पालना कराने के निर्देश भी असरकारक नहीं हो पाए। दिन भर मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं की कतार देखी गई, इसमें सोशल डिस्टेंसिंग की अवहेलना स्पष्ट दिखाई पड़ रही थी। लोगों को समझाइश के बाद भी चुनाव के उत्साह के चलते लोग एक-दूसरे से सटकर कतार में खड़े दिखे।