
representative picture (patrika)
राजस्थान के अलवर जिले में एक 18 वर्षीय छात्रा ने संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ खाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। छात्रा गुरुवार सुबह अपने घर से कॉलेज की छात्रवृत्ति (Scholarship) का फॉर्म भरने की बात कहकर निकली थी, लेकिन दोपहर होते-होते उसकी मौत की खबर घर पहुंची।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना गुरुवार की है। एक 18 वर्षीय छात्रा सुबह करीब 10 बजे अपने परिजनों को यह बताकर घर से निकली थी कि वह कॉलेज जा रही है ताकि छात्रवृत्ति का फॉर्म भर सके। परिजनों को जरा भी अंदेशा नहीं था कि उनकी बेटी दोबारा घर लौटकर नहीं आएगी। दोपहर करीब 12 बजे अचानक परिजनों के पास एक फोन आया, जिसने उनके पैरों तले जमीन खिसका दी। फोन पर सूचना मिली कि उनकी बेटी ने कहीं जहरीला पदार्थ खा लिया है और उसकी हालत बेहद खराब है।
सूचना मिलते ही परिजन आनन-फानन में मौके पर पहुंचे और छात्रा को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद भी छात्रा की स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ और उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे तुरंत अलवर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। शाम करीब 4 बजे परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की। हालांकि, जहर शरीर में फैल जाने के कारण इलाज के दौरान ही छात्रा ने दम तोड़ दिया। बेटी की मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया और अस्पताल परिसर में चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना मिलने पर सम्बंधित थाना क्षेत्र की पुलिस मौके पर पहुंची। थानाधिकारी ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसका पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। थानाधिकारी ने कहा कि छात्रा गुरुवार सुबह 10 बजे घर से निकली थी। दोपहर 12 बजे परिजनों को उसके जहर खाने की सूचना मिली। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई है।
फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। छात्रा ने इतना आत्मघाती कदम क्यों उठाया, यह अभी भी एक रहस्य बना हुआ है। पुलिस अब छात्रा के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल्स खंगाल रही है और उसके दोस्तों व कॉलेज के साथियों से भी पूछताछ की जा सकती है। परिजनों से भी जानकारी जुटाई जा रही है कि क्या वह पिछले कुछ दिनों से किसी मानसिक तनाव में थी।
Published on:
20 Mar 2026 04:56 pm
बड़ी खबरें
View Allअलवर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
