
...और घोषणा करके सो गया नगर निगम
नगर निगम अतिक्रमण हटाने की घोषणा करके सोया, जेसीबी नहीं आ रही बाहर
- विधानसभा चुनाव की आहट रोक रही है अफसरों के हाथ, इसी बीच अतिक्रमण की आ गई बाढ़
- हर मार्ग पर बढ़े खोखे, ठेले, शाम को संख्या में और हो जाता है इजाफा, सड़कें हो रही हैं संकरी
अलवर. नगर निगम 15 अगस्त के बाद अतिक्रमण हटाने की घोषणा करके सो गया। बताते हैं कि विधानसभा चुनाव के कारण सरकार के वोटों का गणित इससे गड़बड़ा सकता है। ऐसे में जेसीबी अफसरों ने बाहर नहीं निकाली। इसी का फायदा लोगों ने भी उठाया। मनचाही जगहों पर ठेले, खोखे लगा लिए हैं। सड़कें लगातार संकरी होती जा रही हैं।
इस तरह बनी थी रणनीति जो अब कागजों तक ही सीमित
15 अगस्त से पहले मेयर घनश्याम गुर्जर, नगर आयुक्त मनीष कुमार ने गौरव पथ का रात को निरीक्षण किया। तय किया कि इस मार्ग को पूरी तरह चकाचक किया जाएगा। समूचा अतिक्रमण हटाया जाएगा। बिना रोक-टोक के वाहन सीधे निकलेंगे। निरीक्षण करने के बाद उम्मीद थी कि अतिक्रमण हटेगा लेकिन निगम ने टीम तक नहीं बनाई। सामान्य अस्पताल के आसपास ठेले, खोखों की संख्या में इजाफा हो गया। हैरत तो ये है कि जहां निगम ने अपना बोर्ड लगाया है वहीं पर खोखे लगाए गए हैं। इस मार्ग के दोनों ओर अतिक्रमण की बाढ़ आई हुई है जबकि भवानी तोप से लेकर जेल सर्किल का यही मार्ग स्मार्ट है।
इन मार्गों का भी हाल देखो साहब
इसके अलावा मनु मार्ग, काली मोरी, बिजली घर से रेलवे स्टेशन, भवानी तोप से रेलवे स्टेशन, स्टेशन के आसपास काफी संख्या में खोखे लग गए हैं। अतिक्रमण इतना है कि रेलवे स्टेशन के आसपास सुबह से शाम तक जाम जैसे हालात होते हैं लेकिन ये नगर निगम की अतिक्रमण शाखा को नहीं दिखाई देता। बहरोड़, तिजारा मार्ग, हनुमान सर्किल के आसपास, 200 फीट मार्ग, अग्रसेन मार्ग पर भी अतिक्रमण की भरमार है, जो निगम को नहीं दिखाई दिया।
अतिक्रमण के खिलाफ निगम समय-समय पर कार्रवाई करता है। अभियान भी चलते हैं। जल्द ही अतिक्रमण पर और कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
- मनीष कुमार, नगर आयुक्त
Published on:
25 Sept 2023 11:13 am
बड़ी खबरें
View Allअलवर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
