भाजपा जिलाध्यक्ष पं. धर्मवीर शर्मा बताते हैं कि वाजपेयी का अलवर आना जाना अस्सी के दशक से रहा। वर्ष 1984 के चुनाव में अलवर आए और केड़लगंज मैदान में चुनावी सभा को संबोधित किया। बाद में वे वर्ष 1991 के लोकसभा चुनाव में अलवर आए। उस दौरान वाजपेयी ने कम्पनी बाग में भाजपा प्रत्याशी महेन्द्र कुमारी के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित किया। इस दौरे की खास बात यह रही कि वे सभा में देरी से पहुंचे। उन्होंने अपने देरी से पहुंचने की पीड़ा कुछ इस तरह व्यकत की, अपने भाषण की शुरुआत करते हुए वाजपेयी ने कहा कि सुना है इंतजार में बहुत मजा है, आपको इंतजार में कितना मजा आया, मैं नहीं जानता। इस पर लोगों की हंसी फूट पड़ी। इस दौरान उन्होंने मोती डूंगरी के समीप सर्राफ सिंटेकस के गेस्ट हाउस में पार्टी कार्यकर्ताओं से साथ भोजन भी किया।