31 मार्च 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बानसूर में अंतिम संस्कार के दौरान मधुमक्खियों का हमला, 50 से अधिक घायल

राजस्थान के अलवर जिले के बानसूर उपखंड स्थित रामपुर गांव में मंगलवार को एक बुजुर्ग के अंतिम संस्कार के दौरान अचानक हजारों मधुमक्खियों ने हमला कर दिया।

2 min read
Google source verification

मधुमक्खी के हमले में घायल बुजुर्ग (फोटो - पत्रिका)

राजस्थान के अलवर जिले के बानसूर उपखंड स्थित रामपुर गांव में मंगलवार को एक बुजुर्ग के अंतिम संस्कार के दौरान अचानक हजारों मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। इस हमले में करीब 50 से अधिक लोग घायल हो गए, जिससे श्मशान घाट पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रामपुर गांव में ग्रामीण रीति-रिवाजों के साथ अंतिम संस्कार की प्रक्रिया चल रही थी। बड़ी संख्या में ग्रामीण और रिश्तेदार दिवंगत को अंतिम विदाई देने के लिए श्मशान घाट पर एकत्र हुए थे। इसी दौरान, पास के एक पेड़ पर लगे मधुमक्खियों के बड़े छत्ते में अज्ञात कारणों से हलचल हुई और देखते ही देखते हजारों मधुमक्खियों का झुंड लोगों पर टूट पड़ा।

बचने के लिए खेतों और घरों की ओर भागे लोग

जैसे ही मधुमक्खियों ने हमला किया, वहां मौजूद बुजुर्ग, युवा और बच्चे अपनी जान बचाने के लिए भागने लगे। स्थिति इस दौरान लोग धुएं और कपड़ों का सहारा लेने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन मधुमक्खियों के झुंड ने उन्हें संभलने का मौका नहीं दिया। कई ग्रामीणों ने पास के खेतों में छिपकर तो कुछ ने दौड़कर नजदीकी घरों में शरण लेकर खुद को बचाया।

घायलों का उपचार और अस्पताल में मची भीड़

घटना की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए निजी वाहनों और एंबुलेंस की मदद से घायलों को तुरंत रामपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया। सीएचसी में तैनात चिकित्सकों और नर्सिंग स्टाफ ने घायलों का उपचार शुरू किया। अधिकांश लोगों के चेहरे, हाथ और सिर पर मधुमक्खियों के डंक के निशान थे। घायलों में से 3 लोगों की स्थिति गंभीर होने के कारण उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद तुरंत बानसूर उप जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। चिकित्सा अधिकारियों के अनुसार वर्तमान में सभी घायलों की स्थिति स्थिर है और डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है।

हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। अस्पताल में घायलों के परिजनों की भारी भीड़ जमा हो गई। अंतिम संस्कार जैसी शांत और शोकमय घड़ी में इस तरह की घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। फिलहाल सभी घायलों को बेहतर इलाज मुहैया कराया जा रहा है। इस घटना के बाद से रामपुर और आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सार्वजनिक स्थानों और श्मशान घाटों के आसपास लगे खतरनाक छत्तों को सुरक्षित रूप से हटवाया जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।