8 अप्रैल 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

दिल्ली-मुम्बई एक्सप्रेस-वे पर ऊंट तस्करी का भंडाफोड़; मेवात ले जाए जा रहे 3 ऊंट मुक्त कराए 

दिल्ली-मुम्बई एक्सप्रेस-वे पर पशु तस्करी के खिलाफ गौरक्षकों और पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। राजगढ़ थाना क्षेत्र के पिनान रेस्ट एरिया के पास देर रात नाकाबंदी के दौरान एक पिकअप से तीन ऊंटों को मुक्त कराया गया है।

2 min read
Google source verification

जब्त की गई पिकअप (फोटो - पत्रिका)

राजस्थान के राज्य पशु ऊंटों की तस्करी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। अलवर में राजगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत दिल्ली-मुम्बई एक्सप्रेस-वे स्थित पिनान रेस्ट एरिया में गौरक्षकों की मुस्तैदी से तीन ऊंटों को बचा लिया गया। इस मामले में पुलिस ने हरियाणा नंबर की एक पिकअप को जब्त कर नूंह निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

देर रात गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई

गौरक्षक संस्कार सैन ने बताया कि उनकी टीम को देर रात विश्वसनीय सूत्रों से जानकारी मिली थी कि एक हरियाणा नंबर की पिकअप में ऊंटों को बेरहमी से भरकर तस्करी के लिए ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही गौरक्षकों की टीम दिल्ली-मुम्बई एक्सप्रेस-वे पर सक्रिय हो गई और पिनान रेस्ट एरिया के पास जाल बिछाया। जैसे ही संदिग्ध पिकअप वहां पहुंची, टीम ने उसे रुकवा लिया। तलाशी लेने पर गाड़ी के अंदर तीन ऊंट बंधे हुए मिले। टीम ने तुरंत इसकी सूचना राजगढ़ थाना पुलिस को दी और आरोपी को मौके पर ही पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

पूछताछ में हुआ चौंकाने वाला खुलासा

पकड़े गए आरोपी ने अपनी पहचान राजेन्द्र पुत्र श्रीपाल, निवासी सलम्बर (नूंह, मेवात) के रूप में बताई है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने जो खुलासा किया वह बेहद ही क्रूर है। उसने बताया कि वह इन ऊंटों को लालसोट (दौसा) से खरीदकर लाया था और इन्हें नूंह (मेवात) में काटने (स्लॉटरिंग) के लिए ले जा रहा था।

पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच

इस पूरी कार्रवाई के संबंध में गौरक्षक टीम के सदस्य यश शर्मा ने राजगढ़ थाने में लिखित शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने आरोपी राजेन्द्र के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम और राजस्थान ऊंट (वध का प्रतिषेध और अस्थायी प्रवासन या निर्यात का विनियमन) अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

राजगढ़ थाना पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इस तस्करी नेटवर्क के पीछे और कौन-कौन लोग शामिल हैं। क्या दौसा से मेवात के बीच तस्करी का कोई संगठित गिरोह काम कर रहा है? फिलहाल, मुक्त कराए गए ऊंटों को सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया है और आरोपी से गहन पूछताछ जारी है। इस प्रकरण में आरोपी के साथ विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।