अलवर में अपराध दिन प्रतिदिन बढ़ता ही जा रहा है। अब अलवर में छेड़छाड़ की वारदातें आम हो गई है। अलवर में आज फिर ऐसा ही कृत्य सामने आया है। अलवर के अग्रसेन चौराहे के समीप मनचले ने युवती की आंखों में मिर्च का पाउडर डाल दिया। घटना करीब दोपहर 12:30 बजे की है जब युवती कोचिंग से अपने घर की ओर जा रही थी। युवती दाउदपुर फाटक की ओर से घर जा रही थी, लेकिन वहां सीवरेज का काम चलने के कारण उसने स्कूटी घुमाई और अग्रसेन चौराहे से घर की तरफ जाने लगी, इतने में ही बाइक सवार मनचले ने उसकी आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया और मौके से फरार हो गया। आंखों में मिर्च जाने से युवती के आंखों में जलन होने लगी तो आस पास के लोगों ने फोन के माध्यम से उसके परिजनों को सूचना दी। परिजनों के आने के बाद पुलिस को इसकी सूचना दी गई। युवती को बिना देर किए सामान्य चिकित्सालय लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसका इलाज किया।