
जिला कलेक्टर डॉ. अर्तिका शुक्ला ने बुधवार को राजगढ़ कस्बे के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का निरीक्षण किया। आगामी गर्मी के सीजन और लू की संभावनाओं को देखते हुए की गई इस जांच के दौरान कलेक्टर ने अस्पताल की व्यवस्थाओं को परखा और स्वास्थ्य अधिकारियों को चिकित्सा सेवाओं में सुधार के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. योगेंद्र शर्मा सहित स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।
कलेक्टर डॉ. अर्तिका शुक्ला ने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई का जायजा लिया और बीसीएमओ डॉ. विशाल सिद्ध व प्रभारी डॉ. रमेश मीना से दवाओं की उपलब्धता व अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल की खामियों को चिन्हित करते हुए पर्ची काउंटर के पास सूचना डिस्प्ले लगाने, एमओटी में हाफ कटर की व्यवस्था करने और वार्ड के गेटों पर पर्दे लगाने के निर्देश दिए ताकि मरीजों की गोपनीयता और सुविधा बनी रहे। निरीक्षण के दौरान टीबी के मरीज कालूराम कोली ने कलेक्टर को समय पर पोषण राशि नहीं मिलने की शिकायत की, जिस पर उन्होंने अधिकारियों को तुरंत समाधान के निर्देश दिए।
अस्पताल की कार्यप्रणाली पर चर्चा करते हुए जिला कलेक्टर ने कहा कि राजगढ़ सीएचसी में एनेस्थीसिया और गायनेकोलॉजिस्ट जैसे विशेषज्ञ चिकित्सक उपलब्ध हैं, ऐसे में यहां सीजेरियन (सिजेरियन सेक्शन) प्रसव की संख्या बढ़नी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि महिला की प्रेगनेंसी कॉम्प्लिकेटेड है और नॉर्मल डिलीवरी संभव नहीं है, तो उसका ऑपरेशन यहीं होना चाहिए। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष यहां केवल 16 सिजेरियन हुए थे, जिसे सुधारने की जरूरत है ताकि मरीजों को जिला अस्पताल की ओर न भागना पड़े।
राजगढ़ क्षेत्र के लिए एक बड़ी खुशखबरी देते हुए कलेक्टर ने बताया कि यहाँ जल्द ही एक आधुनिक ट्रॉमा सेंटर का निर्माण शुरू होने जा रहा है। इसके लिए एनसीआर (NCR) से विशेष फंड प्राप्त हो चुका है। उन्होंने उम्मीद जताई कि ट्रॉमा सेंटर के निर्माण का कार्य संभवतः इसी सप्ताह से शुरू कर दिया जाएगा। इस सेंटर के बनने से सड़क हादसों में घायल होने वाले लोगों को समय पर उपचार मिल सकेगा।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम सीमा मीना, तहसीलदार कल्याण सहाय और मुकेश सोनी सहित चिकित्सा विभाग के कई कार्मिक उपस्थित थे। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि गर्मी के मौसम में लू और मौसमी बीमारियों को लेकर अस्पताल प्रशासन को पूरी तरह अलर्ट रहना होगा।
Published on:
01 Apr 2026 01:58 pm
बड़ी खबरें
View Allअलवर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
